सिंगरौली।
नगर पालिक निगम सिंगरौली द्वारा दिए गए ठेके की आड़ में ऑटो चालकों से खुलेआम अवैध वसूली और गुंडागर्दी का गंभीर मामला सामने आया है। बैंढन कोतवाली थाना क्षेत्र में ठेकेदार द्वारा नियमों को ताक पर रखकर बैंढन से माजन मोड़ और अम्बेक्टर चौक से गनियारी तक ऑटो चालकों से जबरन पैसे वसूले जा रहे हैं।

ऑटो चालकों का आरोप है कि जहां निर्धारित शुल्क ₹20 है, वहां उनसे ₹30 तक वसूली की जा रही है। विरोध करने पर गाली-गलौज, धमकी और मारपीट की जाती है। हाल ही में एक ऑटो चालक को उसकी पत्नी और बच्चों के सामने बेरहमी से पीटा गया, जिससे पूरे इलाके में भय का माहौल बन गया।
पीड़ित ने बैंढन कोतवाली थाने में लिखित शिकायत देकर बताया है कि ठेकेदार नशे की हालत में आए दिन बदसलूकी करता है। सूत्रों का दावा है कि कथित ठेकेदार को संरक्षण प्राप्त है, जिसके कारण अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और तस्वीरें ठेकेदार की दबंगई उजागर कर रही हैं। वहीं, नगर पालिक निगम की चुप्पी भी सवालों के घेरे में है। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि निष्पक्ष जांच कर ठेका निरस्त किया जाए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal