चारे का पैसा निकल रहा है लेकिन गौवंश केवल कागजों में दर्ज,शिवराज सिंह जांच कराएं तो पूरा फर्जीवाड़ा सामने आ जायेगा – अजय सिंह

बढ़ता कारवाँ न्यूज//सिंगरौली//ब्यूरो कार्यालय
BK NEWS:- पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने आरोप लगाया है कि मध्यप्रदेश में चारा घोटाला पार्ट -दो जोर शोर से चल रहा है।यह सब शिवराज सरकार की सह पर हो रहा है। पंचायत विभाग के अफसर और रसूखदार भाजपा नेताओं की मिलीभगत से न्यूनतम साझा कार्यक्रम चल रहा है।गौशालाओं के लिए चारे के नाम पर मोटी रकम डकारी जा रही है। यदि गहराई से जांच हो जाए तो पूरे प्रदेश में करोड़ो का फर्जीवाड़ा सामने आ जायेगा और सबकी पोल खुल जायेगी।
अजय सिंह ने कहा कि प्रदेश में करोड़ों रूपये खर्च कर गौशालाओं का निर्माण कराया जा रहा है जो अभी तक अधूरी पड़ी हैं।मजे की बात तो यह है कि गायों के भूसे के लिए हर महीने राशि निकाली जा रही है।बावजूद इसके सड़क किनारे गायें मर रही हैं और कंकाल ही कंकाल नजर आ रहे हैं।भाजपा सरकार गायों के रहने और खाने के लिए करोड़ों फूंक चुकी है। सब कुछ कागजों में हो रहा है।गौवंश की उपस्थिति दर्ज कराकर करोड़ों रूपये आहरित किये जा रहे हैं। गौशाला संचालन समिति के सदस्य न तो बैठक करते हैं न ही निरीक्षण।ऐसा लगता है कि घपले में उनका मौन समर्थन मिला हुआ है।
अजय सिंह ने सीधी जिले का उदाहरण देते हुए बताया कि जिले में 13 गौशालाएं शासकीय और तीन एनजीओ के माध्यम से संचालित की जा रही हैं। लेकिन यहाँ देखरेख के अभाव में दो वर्ष के अंदर 416 गायों ने दम तोड़ दिया।अभी तक गौशाला समिति की एक भी बैठक अधिकारियों द्वारा नहीं बुलाई गई।वे भूसे के नाम पर सिर्फ बजट निकालने तक सीमित रहे और गायें मरती गई।सभी 16 गौशालाओं में 1280 मवेशी दर्ज हैं। मुख्यमंत्री यदि इसकी जांच कराते हैं तो गायों का भूसा खाने वालों की सारी हकीकत सामने आ जायेगी। अभी तक 70 लाख रूपयों का भुगतान हो चुका है।
श्री सिंह ने कहा कि जिले के अकौरी गाँव में बड़ी गौशाला का निर्माण तीन साल से किया जा रहा है लेकिन काम अभी तक अधूरा है।अधूरे काम को पूरा बता कर मूल्यांकन पूरा हो चुका है और 35 लाख रूपये की राशि निकाल ली गई है। मजदूरों को भुगतान नहीं किया गया है।पूरा गाँव आवारा पशुओं से परेशान है लेकिन रसूखदारों के डर के कारण कोई कुछ नहीं बोल रहा है।उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी हुई है। पहले मध्यान्ह भोजन में करोड़ों का घपला हुआ,अब गाय का चारा छीन गये। शिवराज सिंह पूरे प्रदेश में चल रहे चारा घोटाला की तत्काल जांच कराएं और दोषियों के विरुद्ध कार्यवाही करें।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal