
BK-NEWS :- सिंगरौली। जिला चिकित्सालय सह ट्रॉमा सेंटर बैढ़न में वर्ष 2023 से अब तक रोगी कल्याण समिति द्वारा खर्च की गई राशि और सामग्रियों की खरीद को लेकर मामला तूल पकड़ने लगा है। डीज़ल खर्च को लेकर कलेक्टर ने सीएमएचओ को जांच करने के निर्देश दिए हैं, लेकिन सीएमएचओ फिलहाल इस पर स्पष्ट जवाब देने से बचते नज़र आ रहे हैं।
गौरतलब है कि बीते दो वर्षों में रोगी कल्याण समिति की राशि के दुरुपयोग और मनमानी खर्च की चर्चाएं तेज़ हैं। आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन ने इलेक्ट्रॉनिक समेत कई सामग्रियां बिना टेंडर प्रक्रिया के खरीदीं। वहीं, सेवानिवृत्त सिविल सर्जन के कार्यकाल के दौरान उनके नज़दीकी ऑपरेटर पर राशि की बंदरबांट का संदेह जताया जा रहा है। चर्चा है कि इस ऑपरेटर व पूर्व सिविल सर्जन डॉ. देवेंद्र सिंह के करीबी दुकानदारों से बिल लगवाकर भुगतान तक करा लिया गया। यदि निष्पक्ष जांच हो, तो कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आ सकते हैं।
इस पूरे मामले को लेकर आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष रतिभान प्रसाद ने उच्च स्तरीय जांच की मांग उठाई है। उनका कहना है कि,
“जिला चिकित्सालय की रोगी कल्याण समिति की राशि में भारी भ्रष्टाचार हुआ है। केवल सीएमएचओ से जांच कराने से पारदर्शिता नहीं आएगी। स्वतंत्र जांच टीम गठित कर क्रय सामग्रियों की गुणवत्ता, टीन शेड और सीलिंग फॉल निर्माण, भुगतान प्रक्रिया और टेंडर नियमों की पूरी तरह जांच कराई जानी चाहिए।”
उन्होंने आगे कहा कि यदि यह जांच निष्पक्ष रूप से होती है, तो कथित घोटालेबाज़ों का पूरा काला चिट्ठा उजागर हो सकता है पहले भी इस तरह के बड़े खोटाले हो चुके है जिसकी जानकारी अभी तक सार्वजनिक नही की गई है।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal