
BK-NEWS:- सिंगरौली।
शासकीय भूमि को हड़पने वालों और उनकी मदद करने वाले राजस्व अमले पर अब शिकंजा कसने जा रहा है। एसडीएम देवसर ने तहसीलदार देवसर, सरई और बरगवां को अंतिम स्मरण पत्र जारी कर साफ कहा है कि दोषियों पर आपराधिक प्रकरण दर्ज करें। आदेश जारी होते ही राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया है।
मामला गंभीर है—जिले के 29 गांवों की सरकारी भूमि पर फर्जीवाड़ा कर भूमिस्वामी दर्ज कराए गए। तहसीलदार देवसर ने इन अवैध प्रविष्टियों को निरस्त तो किया, लेकिन 29 में से केवल 3 गांवों में ही प्रकरण दर्ज हुए। बाकी 26 गांवों में दोषियों को बचाने की कोशिश साफ दिखाई दी।
शिकायतकर्ता अनुरोध शुक्ला ने कलेक्टर को बताया कि राजस्व विभाग के कुछ अफसर-कर्मचारी भू-माफियाओं से मिलीभगत कर न केवल उनके नाम, बल्कि अपने परिजनों के नाम तक सरकारी जमीन पर चढ़वा रहे हैं। सफेदा लगाकर और पेज बदलकर सरकारी रिकॉर्ड में हेराफेरी की गई।
कलेक्टर सिंगरौली ने 26 अगस्त को ही एसडीएम देवसर को कड़े निर्देश दिए थे कि सभी 26 गांवों के दोषियों पर कार्रवाई हो। लेकिन कार्रवाई ठंडी पड़ी रही। अब एसडीएम ने अंतिम चेतावनी देते हुए कहा है कि एक हफ्ते के भीतर रिपोर्ट दें, अन्यथा मामला सीधे कलेक्टर को भेजा जाएगा।
राजस्व कर्मियों में हड़कंप, भू-माफियाओं की सांसें अटकीं—अब देखना होगा कि दोषियों पर सच में गाज गिरती है या फिर मामला ठंडे बस्ते में जाता है।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal