
लखनऊ। योगी सरकार ने आवारा कुत्तों को लेकर बड़ा फैसला लिया है। अब अगर कोई आवारा कुत्ता सड़क पर घूमते हुए किसी को काट लेता है तो उस पर भी ‘कार्रवाई’ होगी। पहली गलती पर कुत्ते को 10 दिन के लिए एनिमल बर्थ कंट्रोल (ABC) सेंटर में रखा जाएगा। वहीं, दूसरी बार काटने पर जांच के बाद कुत्ते को उम्रकैद यानी आजीवन सेंटर में रखने का आदेश है।
सरकार का कहना है कि यह कदम आम जनता की सुरक्षा को ध्यान में रखकर उठाया गया है। आदेश के मुताबिक, दूसरी बार काटने पर तीन सदस्यीय टीम जांच करेगी और फिर उस कुत्ते को आजीवन कैद में रखा जाएगा।
दिलचस्प बात यह है कि उम्रकैद पाए कुत्ते तभी बाहर आ पाएंगे, जब कोई व्यक्ति शपथपत्र देकर उन्हें गोद लेगा और लिखित में वादा करेगा कि उन्हें सड़क पर नहीं छोड़ेगा। इसके साथ ही ऐसे कुत्तों के शरीर पर माइक्रोचिप लगाई जाएगी ताकि उन पर निगरानी रखी जा सके।
कुल मिलाकर, यूपी में कुत्तों के लिए भी अब ‘कानून की पकड़’ उतनी ही सख्त हो गई है जितनी इंसानों के लिए। अब देखना यह है कि लोग बिस्किट खिलाने से आगे बढ़कर क्या सच में इन उम्रकैदी कुत्तों को गोद लेने की हिम्मत दिखाते हैं या नहीं।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal