नपानि सिंगरौली वार्ड क्र. 41 की ऐसी महिला प्रत्याशी जो जनता के पैसों से लड़ रही हैं
चुनाव समर्थन के साथ जनता दे रही है पैसे, रोज शाम तक भर जाता है डोनेशन बाक्स

बढ़ता कारवाँ/सिंगरौली (राजकुमार सिंह) बैढन नगर पालिक निगम सिंगरौली का सबसे बड़ा वार्ड है वार्ड क्र. 41 जहां निगम क्षेत्र में सबसे ज्यादा 14 प्रत्याशी मैदान में हैं। भाजपा, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, सपा, बसपा सहित तमाम पार्टियों के प्रत्याशी तथा निर्दलीय प्रत्याशियों ने अपनी ताल ठोंकी है। पार्षद के चुनाव में जहां प्रत्याशियों द्वारा लाखों रूपये पानी की तरह बहाये जा रहे है और वहीं वार्ड क्रमांक 41 से ही भारतीय कम्यूनिष्ट पार्टी के टिकट पर एक ऐसी महिला प्रत्याशी मैदान में है जो जनता के सहयोग से चुनाव लड़ रही हैं। समाजसेवी व पत्रकार जमुना सोनी की पत्नी सुषमा देवी सोनी सुबह से शाम तक लगातार लोगों के दरवाजे पर दस्तक दे रही हैं और जनता से वोट के साथ एक रूपये से लेकर पांच सौ रूपये तक चन्दा ले रही हैं। इस हेतु उन्होने बकायदे एक डोनेशन बाक्स भी अपने पास रखा है।
समाजसेवी जमुना सोनी ने बताया कि उन्हें जनता का भरपूर समर्थन मिल रहा है। उन्होने कहा कि हम पति पत्नी जब लोगों के दरवाजे पर पहुंचते हैं तो उनसे अपने बारे में बताते हैं और सहयोग की मांग करते हैं जिसमें लोग खुले मन से भरपूर सहयोग कर रहे है ।
उन्होने बताया कि पिछले कई वर्षों से वह जनता की नि:स्वार्थ भाव से सेवा करते रहे हैं। क्षेत्र में कोई भी कार्य हो उसे वह अपना समझकर नि:शुल्क करते हैं। उन्होने बताया कि अब तक उन्होने जनता को किसी कार्य के लिए निगम के चक्कर नहीं लगाने दिया। इस कारण जब वह लोगों के दरवाजे पर पहुंचते हैं तो लोग उन्हें खुद ही सहयोग देते हैं। उन्होने बताया कि सुबह से चुनाव प्रचार का जो दौर शुरू होता है वह देर शाम तक चलता है। घर पहुंचते-पहुंचते उनका डोनेशन बाक्स लगभग भर जाता है। उन्होने बताया कि उसी पैसे से वह चुनाव प्रचार के लिए झंडा, बैनर, पोस्टर आदि का इंतजाम करते हैं।
पार्षद पद की प्रत्याशी सुषमा देवी सोनी का कहना है कि वार्ड में बड़े बड़े दिग्गज चुनाव लड़ रहे हैं। दिग्गजों को टक्कर देने की हैसियत तो उनके पास नहीं है परन्तु जनता का जिस तरह से सहयोग मिल रहा है उससे उन्हें उम्मीद है कि वह चुनाव जरूर जीतेंगी। उन्होने कहा कि यदि जनता उन्हें एक बार मौका देती है तो बाद में उसे पछताना नहीं पड़ेगा। उन्होने कहा कि हमारा उद्देश्य है कि जनता को अपने काम के लिए निगम के चक्कर न लगाने पड़े जनता की एक फोन पर पार्षद हाजिर हो जाये ऐसी व्यवस्था का निर्माण किया जायेगा। उन्होने बताया कि जनता का जिस तरह से प्यार उन्हें मिल रहा है उससे उम्मीद है मतदाता उनके पक्ष में है ।
www.badhtakarwan.com
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal