ग्वालियर -निकटवर्ती
भिंड जिले के प्रसिद्ध “डॉक्टर हनुमान मंदिर दंदरौआ धाम” स्थित महंत श्रीश्री रामदास महाराज के कमरे से चोर बीती रात लाखों रुपये की नकदी और जेवरात चुरा ले गए। चोर 3.42 लाख रुपये नहीं ले जा सके और वह मंदिर परिसर के बाहर पड़े मिले एक बैग में मिल गए।
दंदरौआधाम परिसर में महंत रामदास महाराज रोजाना की तरह रविवार को रात करीब 11 बजे सोने के लिए अपने कमरे में चले गए थे। सीसीटीवी कैमरे में दर्ज रिकॉर्डिंग के अनुसार रात 12ः40 बजे के करीब साफी से मुंह बांधे दो चोर परिसर में दाखिल हुए। एक चोर के हाथ में सब्बल थी जबकि दूसरा खाली हाथ नजर आ रहा है। दोनों चोर महंत के खाली पड़े दूसरे कमरे में घुसे।
सब्बल की मदद से अलमारी तोड़ी और उसमें रखी नकदी, जेवरात समेट लिए। जेवरातों में हनुमानजी का मुकुट और कुंडल आदि बताए जा रहे हैं। रात 1.02 बजे चोर कमरे से माल समेट कर बाहर की ओर निकलते दिखाई दे रहे हैं। चोरी के बाद पड़ताल की गई तो परिसर के बाहर एक बैग पड़ा मिला। इसमें 3.42 लाख रुपये मिले हैं।
मौ थाना पुलिस ने 4.75 लाख की चोरी दर्ज की है। थाना प्रभारी रामबाबू यादव का कहना है लिखित में इतने की चोरी होना बताया गया है। हालांकि मंदिर से जुड़े सूत्रों का कहना है कि लाखों रुपये नकदी व सामान चोरी हुआ है।
इनका कहना है
दंदरौआधाम में हुई चोरी की पड़ताल की जा रही है। एएसपी संजीव कंचन के नेतृत्व में पुलिस टीम काम कर रही है। हमारी टीम को कुछ सुराग मिले हैं। उसी के आधार पर लग रहा है कि जल्द ही आरोपित पकड़े जाएंगे।
मनोज कुमार सिंह, एसपी, भिंड
इसलिये कहते हैं डॉक्टर हनुमान का मंदिर
डॉक्टर हनुमान का यह मंदिर विदेशों में भी प्रसिद्ध है, मान्यता है कि यहां हनुमान जी के दर्शन करने से असाध्य रोगों से मुक्ति मिलती है। यहां आने वाले भक्तों को भभूत दी जाती है। बुढ़वा मंगल पर यहां बड़े कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है, जिसमें करीब 2 लाख से भी ज्यादा भक्त डॉक्टर हनुमान के दर्शन करने आशीर्वाद लेते हैं। इस दौरान मंदिर को फूल बंगले से सजाया जाता है। इस जगह का नाम दंदरौआ यहां की बोलचाल की भाषा दर्द हरौआ से पड़ा है, जिसका मतलब है दर्द को हरने वाले। डॉक्टर हनुमान की एक और खास बात यह है कि ये नृत्य की मुद्रा में है। भक्तों का कहना है कि हनुमान जी की ऐसी मूर्ति सिर्फ भिंड में ही है। यह करीब 250 वर्ष से भी पुरानी बताई जाती है।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal