Warning: Trying to access array offset on value of type bool in /home/sites/43a/e/ed29062570/public_html/wp-content/themes/jarida/functions/common-scripts.php on line 150

शपथ पत्र के बाद भी 35 स्थानों पर लगे 100 अवैध होर्डिंग

ग्वालियर

नगर निगम अफसरों द्वारा कोर्ट में शपथ पत्र देने के बाद भी शहर से अवैध होर्डिंग नहीं हट सके हैं। शहर के 35 से अिधक स्थानों पर अभी भी 100 से अिधक अवैध होर्डिंग लगे हुए हैं और यहां विज्ञापन के लिए बुकिंग भी चल रही है। खास बात यह है कि ये सभी होर्डिंग आउटडोर मीडिया डिवाइस 2017 (ओएमडी) के नियमों के खिलाफ लगे हुए हैं। किसी स्थान पर एक साथ चार तो कहीं दीवार पर ही होर्डिंग लगा दिए गए हैं। एक शिकायत के आधार पर जब डीबी स्टार टीम ने कंपू, पड़ाव, इंदरगंज, गोला का मंदिर, हजीरा चौराहा सहित कई स्थानों पर लगे होर्डिंग से जुड़ी विज्ञापन एजेंसियों का स्टिंग किया तो उन्होंने 30 से 60 हजार रुपए प्रतिमाह में शहर की प्राइम लोकेशन पर होर्डिंग लगवाने की बात कही।
हर महीने हो रहा साढ़े तीन लाख रुपए का नुकसान
शहर में लगे अवैध होर्डिंगों में अधिकतर होर्डिंग ऐसे हैं जो पिछले एक और दो साल से अधिक समय से लगे हुए हैं। एक अवैध होर्डिंग से हर महीने नगर निगम को लगभग 10 हजार रुपए का नुकसान हो रहा है। इस हिसाब से एक साल में नगर निगम को अभी तक 50 लाख रुपए से अधिक का नुकसान हो चुका है। अधिकारी नगर निगम की आर्थिक स्थिति सुधारने की बजाए अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत करने में लगे हुए हैं।
यहां लगे हैं अवैध होर्डिंग
पड़ाव पुल (दो), कंपू पेट्रोल पंप के पास (दो), रॉक्सीपुल, धर्मवीर पेट्रोल पंप के पास (दो), जयेन्द्रगंज रोड, साईं बाबा मंदिर रोड, इंदरगंज, छप्परवाला पुल (तीन) , नदी गेट, एमएलबी रोड, झांसी रोड, गोला मंदिर पुलिस चौकी (दो), रंग महल (तीन), चेतकपुरी चौराहा, भिंड रोड (दो), गांधी नगर (चार), पड़ाव पुल (दो), पड़ाव होटल शेल्टर, हजीरा चौराहा, स्टेशन बजरिया, सिंधिया कन्या विद्यालय।
स्ट्रक्चर ही तोड़ देंगे
हमने अवैध होर्डिंग हटाए हैं लेकिन इसके बाद भी कुछ स्थानों पर इसकी शिकायत हमें मिली है। हम अब खाली बोर्ड उतारने के साथ ही उस स्ट्रक्चर को भी तोड़ देंगे। जरूरत पड़ी तो एफआईआर भी कराएंगे। राजेश श्रीवास्तव, अपर आयुक्त नगर निगम
अवैध होर्डिंग नहीं रहने देंगे
शहर में अवैध होर्डिंग के खिलाफ नगर निगम ने अभियान चलाया हुआ है। फिर भी कुछ अापराधिक प्रवृत्ति के लोग होर्डिंग लगा लेते हैं। हम उनके खिलाफ कार्रवाई करेंगे। मैंने कहा है कि ऐसे लोगों के खिलाफ एफआईआर कराएं। कोर्ट ने भी ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के लिए कहा है। एमबी ओझा, प्रशासक नगर निगम एवं संभागायुक्त
अवैध होर्डिंग के संबंध में 2014 में हाईकोर्ट में एक जनहित याचिका (पीआईएल) लगाई गई थी। पीआईएल में बताया गया था कि शहर में चार सौ से अधिक अवैध होर्डिंग लगे हुए हैं, जिनका पैसा नगर निगम के बजाए अधिकारियों की जेब में जा रहा है। पीआईएल पर सुनवाई के दौरान कोर्ट ने समय-समय पर निगम के अधिकारियों को फटकार लगाई। 2020 में निगम ने इस पीआईएल से छुटकारा पाने के लिए शपथ पत्र दिया कि निगम ने अवैध होर्डिंग के खिलाफ कार्रवाई की है और अब फिर कहीं अवैध होर्डिंग लगे तो हम उन्हें हटवा देंगे। जबकि ऐसा नहीं हो सका है।
समीर एडवरटाईजर: डीबी स्टार ने समीर एडवरटाईजर के मैनेजर अमित खान से चेतकपुरी तिराहे पर होर्डिंग लगाने की बात की तो उन्होंने 65 हजार रुपए महीना किराया बताते हुए कहा कि अभी जगह बुक है।
कोमल पब्लिसिटी :हजीरे पर होर्डिंग लगाने के लिए बात करने पर कोमल पब्लिसिटी के ललित गांधी ने टीम को बताया कि एक माह का किराया 15 हजार रुपए लगेगा इसके अलावा होर्डिंग का प्रिंटिंग चार्ज अलग से देना होगा।
अजय एडवरटाईजर: अजय एडवरटाईजर के अजय गुप्ता से कंपू पेट्रोल पंप लगे होर्डिंग की बात की तो इन्होंने कहा यह होर्डिंग हमने ही लगवाया है, लेकिन अभी वहां जगह खाली नहीं है। कुछ समय तक यह लोकेशन बुक ही रहेगी।

loading...

Warning: Undefined array key "tie_hide_share" in /home/sites/43a/e/ed29062570/public_html/wp-content/themes/jarida/single.php on line 65

Warning: Trying to access array offset on value of type null in /home/sites/43a/e/ed29062570/public_html/wp-content/themes/jarida/single.php on line 65
x

Check Also

खेलों के माध्यम से युवाओं को स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन का संदेश

राष्ट्रीय खेल दिवस पर साइकिल रैली एवं अंडर-17 मैत्री क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित बढ़ता कारवां (BK ...