व्यापमं मामलेमें जो भी दोषी है उन्हें छोड़ा नहीं जाएगा-गृह मंत्री बाला बच्चन
जबलपुर- व्यापमं मामलेमें जो भी दोषी है उन्हें छोड़ा नहीं जाएगा। जांच के दौरान कुछ महत्वपूर्ण तथ्य मिले हैं, इससे जल्द ही कई बड़े खुलासे भी हो सकते हैं। सीबीआई अपनी जांच कर रही है। इसके अलावा मुख्यमंत्री भी इसकी जांच पर विशेष ध्यान दे रहे हैं। हालांकि इस बात का भी ख्याल रखा जा रहा है कि निर्दोषों को कोई नुकसान नहीं हो। जिसके लिए जांच के सभी बिंदुओं को देखा जा रहा है।
यह बात गृह मंत्री बाला बच्चन ने कंट्रोल रूम में आयोजित पत्रकारवार्ता में कही। गृह मंत्री कंट्रोल रुम में पुलिस और जेल अधिकारियों की बैठक लेने पहुंचे थे। बैठक सुबह 11 बजे से शुरू हुई थी। बैठक में आईजी विवेक शर्मा, डीआईजी भगवत सिंह चौहान, एसपी अमित सिंह, जेल अधीक्षक गोपाल ताम्रकार और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
पुलिस आधुनिक संसाधनों से होगी लैस
गृहमंत्री बाला बच्चन ने बातचीत में बताया कि सायबर अपराध हों या अपराधियों की धरपकड़, पुलिस को इसके लिए जो भी आधुनिक संसाधन की आवश्यकता होगी उसे दिए जाएंगे। आने वाले कुछ समय में पुलिस आधुनिक संसाधनों से लैस होगी। ताकि किसी भी सूरत में अपराधी पुलिस के चंगुल से बच नहीं सके।
जल्द होगी भर्ती और प्रमोशन
पुलिस और जेल विभाग में बल की कमी पर बात करते हुए गृहमंत्री ने कहा कि बल की कमी की समस्या बनी हुई है। इस समस्या का जल्द ही निराकरण कर दिया जाएगा। जल्द ही अधिकारियों और कर्मचारियों की भर्ती की जा रही है। वहीं जितने भी प्रमोशन रुके हुए हैं उसे भी जल्द किया जाएगा।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal