ग्वालियर-मिलावट के खिलाफ चल रहे अभियान में फूड सेफ्टी टीम ने छापेमारी से लेकर सैंपलिंग और स्पॉट जांच की कार्रवाई की। भोपाल से चलित लैब यहां भेजी गई है, जिससे खाद्य पदार्थों की मौके पर ही जांच हो सके। शहरभर में चलित लैब के माध्यम से डेयरियों, किराना स्टोर और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों पर जांच कराई गई। वहीं एसडीएम पुष्पा पुषाम ने बाराघाटा इंडस्ट्रियल एरिया स्थित अमन इंडस्ट्रीज के नाम से सुपारी कारखाने में छापा मारा। यहां खराब और घुन लगी सुपारी भी मिली, जिसे अलग रखवाया गया। खराब सुपारी और गंदगी मिलने के कारण कारखाने को सील करने की कार्रवाई की गई। यहां से सुपारी के दो सैंपल भी लिए गए।
इसी तरह आदित्याज होटल से पनीर, दालचीनी और सरसों तेल के सैंपल लिए। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की अभिहीत अधिकारी पुष्पा पुषाम बाराघाटा स्थित अमन इंडस्ट्रीज पहुंची। यहां सुपारी काटकर पैकिंग करने का कारोबार चल रहा था और जमीन पर ही सुपारी बारीक कटी हुई पड़ी थी। एक तरफ बोरों में खराब सुपारी का स्टॉक भी रखा हुआ था। निर्मला पममानी के नाम से लाइसेंस मिला।
यहां एसडीएम ने पूरे परिसर की जांच की और गंदगी भी पाई। फूड ऑफिसर लखनलाल कोरी और लोंकेंद्र सिंह ने बारीक सुपारी और मोटी सुपारी के दो सैंपल लिए। अव्यवस्थित संचालन और खराब सुपारी पाए जाने पर एसडीएम ने टीम से पूरे कारखाने को सील करा दिया। इसके अलावा फालका बाजार स्थित सिंह चिकन टुनाइट से दही की चटनी का सैंपल लिया। यहां मालिक जलजीत सिंह मिले और शिकायत सीएम हेल्पलाइन पर मिली थी। आदित्याज होटल में मैनेजर पुनीत त्यागी की मौजूदगी में पनीर, दालचीनी व सरसों तेल का सैंपल लिया गया।
चलित लैबः यूरिया और स्टार्च के लगाए टेस्ट
भोपाल से आई चलित लैब के माध्यम से यहां शहरभर में जांच कराई जा रही है। यह चलित लैब हर तरह के खाद्य पदार्थ की मौके पर ही जांच कर सकती है। शुक्रवार को सिंह पुर रोड स्थित डेयरी पर आए टैंकर के दूध को टेस्ट कराया गया। इसके बाद हनुमान चौराहा क्षेत्र में चौधरी डेयरी, पाल डेयरी, सिद्धी विनायक डेयरी, अचलनाथ डेयरी, गिर्राज डेयरी से दूध, दही और घी के सैंपलों का स्पॉट टेस्ट किया गया। छत्री मंडी में दिलीप डेयरी के यहां भी चलित लैब से जांच कराई गई। छत्री बाजार में ही मसाले धनिया, काली मिर्च, हल्दी पाउडर, बेसन सहित अन्य तरह के सामान की करीब 8 प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की गई। सीपी कॉलोनी में जय हनुमान डेयरी और गिर्राज डेयरी पर भी सैंपलिंग की गई।
जहां अभी तक नहीं हुई जांच, वहां लगातार कार्रवाई
मिलावटखोरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में उन प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की जा रही है, जहां पहले कभी सैंपलिंग नहीं हुई है। ऐसे फर्म और प्रतिष्ठानों को सूचीबद्ध किया जा रहा है। अमन इंडस्ट्रीज को सील किया गया है। – पुष्पा पुषाम, एसडीएम
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal