ग्वालियर-
गंदगी के बीच तैयार होते ब्रेड व टोस्ट, तो कहीं दूध व छैना पाउडर में फैट बढ़ाने के लिए स्टार्च का उपयोग और कहीं हल्की क्वालिटी के गेहूं से तैयार होता आटा, रवा। ये हालात महाराजपुरा इंडस्ट्रियल एरिया में फूड प्रोडक्ट तैयार करने वाली फैक्ट्रियों में मंगलवार को पहुंचीं जिला प्रशासन और फूड विभाग की टीमाें काे मिले। करीब 4 घंटे तक चली इस कार्रवाई के दौरान 4 फैक्ट्रियों पर पहुंचकर टीम ने सैंपलिंग की और व्यवस्थाएं देखीं। कहीं भी व्यवस्थाएं दुरुस्त नहीं मिलीं। कार्रवाई के दौरान अपर तहसीलदार नरेश गुप्ता, नायब तहसीलदार महेश सिंह कुशवाह, फूड ऑफिसर लखन लाल, सतीश शर्मा, निरुपमा शर्मा, सतीश धाकड़, गोविंद नारायण समेत अन्य लोग शामिल रहे।
पांच लाख रुपए का जुर्माना
दाल बाजार की फर्म श्रीराम स्वीट्स एवं स्नेक्स से पंद्रह महीने पहले 30 मई 2018 को खाद्य सुरक्षा अधिकारी गोविंद नारायण सरगैंया ने पनीर व मिल्क केक के नमूने लिए थे। पनीर अमानक निकला था और मिल्क केक मिथ्या छाप वाला। इसके बाद ही अब फर्म के संचालक श्रीराम गर्ग पर पांच लाख रुपए का जुर्माना अधिरोपित किया जा रहा है।
जानिए… चार फैक्टरी पर जांच में क्या-क्या मिला
1. सीपी इंडस्ट्रीज: यहां टीम ने सरसों व राइस ब्राउन ऑयल का सैंपल लिया। एसडीएम पुष्पा पुषाम को फैक्टरी में मिलावटी तेल की शिकायत मिली थी। यहां लगा मैन्युफैक्चरिंग प्लांट बंद मिला। संचालक नवीन शिवहरे ने बताया कि बाजार से तेल मंगाकर ट्रेडिंग का कारोबार किया जाता है।
यह भी हुआ…
फैक्टरी में एफसीआई का बारदाना, होगी जांच
डबल त्रिशूल फैक्टरी में रखे गेहूं का स्टॉक भारतीय खाद्य निगम के बोरों में भी था, जिससे संदेह हुआ कि सरकारी गेहूं का भी इस्तेमाल हो रहा है। टीम ने तय किया कि इसकी जांच बाद में कराई जाएगी।
2. वैष्णो फूड: यहां गंदगी के बीच ब्रेड और टोस्ट तैयार होते मिले। ब्राउन ब्रेड का मटेरियल मक्खियों से घिरा था, उसमें से सड़ांध आ रही थी। नायब तहसीलदार महेश कुशवाह ने पूछा तो संचालक मधुर तुलसानी ने बताया, ये फेंकने के लिए है। जुर्माने के साथ गोल्डरिच, मधुर व डायमंड ब्रेड और टोस्ट का सैंपल लिया।
3. अंबिका फूड: सॉफ्टी कॉर्न, छैना और दूध पाउडर तैयार करने वाली इस फैक्टरी पर टीम को स्टार्च और रिफाइंड मिला। यहां मिले चेंबर ऑफ कॉमर्स के पूर्व उपाध्यक्ष सुरेश बंसल के बेटे पीयूष बंसल ने बताया कि फैट बढ़ाने के लिए इन सामानों का उपयोग होता है। यहां मिल्क और छैना पाउडर के सैंपल लिए गए।
सिफारिश के बाद किया 5 हजार जुर्माना
वैष्णो फूड फैक्टरी पर गंदगी को देखकर निगम के एएचओ किशोर चौहान ने कहा, 20000 रु. जुर्माना होगा। संचालक मधुर तुलसानी ने बहस शुरू कर दी। फिर निगम के अधिकारी से बात कराई। उसके बाद 5000 रु. जुर्माना किया गया।
4. डबल त्रिशूल: बीपी बंसल एग्रीटेक प्राइवेट लिमिटेड की इस फैक्टरी पर टीम ने आटा, रवा, मैदा का सैंपल लिया। यहां रखे गेहूं की क्वालिटी को खराब पाया। जिससे आटा व अन्य सामग्री तैयार की जा रही थी। गेहूं निम्न क्वालिटी का होने के साथ कंकड़ व गंदगी से भरा हुआ था।
मिलावट की सूचना देने पर 10 हजार इनाम, जुर्माने पर सख्ती
कलेक्टर ने कहा, नाम गुप्त रहेगा
ग्वालियर | मिलावट खोरों के खिलाफ पिछले 17 दिन से चल रही जांच के बाद भी हालात नहीं सुधरे हैं। अब कलेक्टर अनुराग चौधरी ने ऐसे लोगों को 10 हजार रुपए का इनाम देने की घोषणा की है जो मिलावट की पुख्ता सूचना देंगे। इनके नाम प्रशासन गुप्त रखेगा।
पदमपुर में गंद नाले के पानी से पैदा कर रहे थे खीरा, तोरई और लौकी
मुरार के पदमपुर गांव में दो लोग राजेंद्र व राजकुमार लोधी नाले के गंदे पानी से सब्जी पैदा कर रहे थे। तहसीलदार नरेश गुप्ता व राजस्व विभाग की टीम ने नाले से मात्र 100 फीट की दूरी पर उगाई जा रही खीरा, तोरई व लौकी की एक माह की फसल को नष्ट कराया।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal