शहरवासी निगम के दफ्तरों में जिन समस्याओं को लेकर लंबे समय से चक्कर काट रहे थे, उनकी समस्याओं का निराकरण निगम के जिम्मेदार अधिकारियों ने मौके पर तब किया, जब खुद प्रदेश के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर सुबह से 12 घंटे तक शिविर में अधिकारियों को लेकर बैठे रहे। यह पहली बार ऐसा हुआ है,जब किसी मंत्री ने 12 घंटे जनता के बीच बैठकर समस्याओं का निराकरण कराया है। रात 11:30 बजे तक 2500 लोगों की समस्याएं निपटा दी गईं।
शब्द प्रताप आश्रम स्थित गुरु प्यारी भवन में सुबह 11 बजे से आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम शुरू हुआ। कार्यक्रम में पहुंचे मंत्री के सामने जनता ने जो समस्याएं बताईं, वे तुरंत निराकरण वाली थीं। लेकिन निगम के जिम्मेदार अफसर उन्हें टरका रहे थे। ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र के लोग वृद्धा पेंशन, कामकाजी महिला योजना, मजदूरी कार्ड, हाथ ठेला, पात्रता पर्ची, सीवर लाइन की समस्या और गंदे पानी की समस्या आदि लेकर पहुंचे थे।
मेधावी छात्राओं को दीं साइकिलें: मंत्री श्री तोमर ने शिविर में दो मेधावी छात्राओं को साइकल भी प्रदान कीं। इनमें संध्या रजक एवं शिवानी रजक निवासी उरवाई गेट शामिल हैं। मंत्री शिविर में लगे स्टॉलों पर भी पहुंचते रहे। इस मौके पर नेता प्रतिपक्ष कृष्णराव दीक्षित, क्षेत्रीय पार्षद डॉ. शशि शर्मा, पार्षद चंदू सेन, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व प्रदीप तोमर, उपायुक्त नगर निगम सुशील कटारे, जन कल्याण अधिकारी अतिबल सिंह यादव आदि उपस्थित थे।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal