ग्वालियर-
बारिश के पहले वॉटर हार्वेस्िटग पर विशेष फोकस करें। आपने अब तक इस दिशा में क्या काम किया है। मुझे ये बताएं कि 2 साल में कितने भवनों में वॉटर हार्वेस्िटग हुई है। आप लोग फिल्ड में जाकर जांच करें कि दो साल में बने दो मंजिला से अधिक ऊंचे बने कितने मकानों में हार्वेस्िटग हुई है, यदि नहीं हुई तो ऐसे भवन स्वामियों पर कार्रवाई करें और जुर्माना लगाएं।

यह बात कलेक्टर अनुराग चौधरी ने शनिवार को कलेक्ट्रेट में विभागीय अधिकारियों की बैठक में नगर निगम अधिकारियों से कही। इस दौरान बताया गया कि नगर निगम वॉटर हार्वेस्िटग का शुल्क भवन स्वामियों से जमा कराता है। कलेक्टर ने कहा कि पैसा जमा कराया, लेकिन काम नहीं हुआ तो क्या फायदा। निगम कमिश्नर संदीप माकिन ने टीएंडसीपी के अफसरों से कहा कि आपके यहां 30 सीसीओ हैं, आपके यह अधिकारी हमें हर क्षेत्र की 4-4 इमारतों का नाम नंबर दें दे, हम कार्रवाई करके जुर्माने लगाएंगे। जिससे लोगों को पता भी चल जाएगा कि वॉटर हार्वेस्िटग नहीं होने पर कार्रवाई हो सकती है और लोग इसको लेकर गंभीर भी होंगे। दरअसल चीफ सेकेट्री एसआर मोहंती 27 से 29 मई के बीच ग्वालियर आने वाले हैं। इस दौरान वह मेडिकल कॉलेज में जारी निर्माण कार्य की समीक्षा, जेएएच का निरीक्षण, पानी एवं नाला सफाई को लेकर निगम अफसरों की बैठक के अलावा सामाजिक न्याय विभाग की भी बैठक लेंगे। सीएस के दौरे के पहले तैयारियों को लेकर ही यह बैठक बुलाई गई थी।
जीआर मेडिकल कॉलेजः
फायर ब्रिगेड के लिए रास्ता निकालना है मतलब निकालना हैः कलेक्टर ने मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ भरत जैन से पूछा की सुपर स्पेशिलिटी ब्लॉक में कोई अतिक्रमण बाधक बन रहा था, क्या हुआ वह हटा या नहीं। डीन ने कहा कि अब तक नहीं हटा है। जब एसडीएम सीबी प्रसाद से पूछा तो उनका कहना था कि संबंधित के पास कोर्ट का आर्डर है, जबकि डीन का कहना था कि नहीं है। इस पर कलेक्टर ने कहा कि आप डीन के पास जाएं, पुलिस की मदद लें और अतिक्रमण हटवाएं। सुपर स्पेशिलिटी में फायर ब्रिगेड के लिए रास्ता निकालना है मतलब निकालना है।
क्यों नहीं हटी कंडम बसें: हजार बेड के अस्पताल के निर्माण में बाधक बन रही कंडम बसों के अब तक नहीं हटने पर भी कलेक्टर ने नाराजगी जाहिर की है। कलेक्टर ने कहा कि इन कंडम बसों को वहां से हटाकर कहीं अन्य पटक दो, जिससे काम में रूकावट तो नहीं आएगी। डीन ने कहा कि शासन स्तर से इसमें एक समिति बनाने के आदेश हुए हैं, जिसके पदेन अध्यक्ष कलेक्टर होंगे। इस पर कलेक्टर ने एडीएम संदीप केरकेट्टा को निर्देश दिए कि समिति बनाओ और कंडम बस के मुद्दे का जल्द से जल्द निराकरण करवाओ।
प्रशासनः
पुलिस लेकर जाओ कार्रवाई करोः शहर में संचालित कोचिंगों को लेकर कलेक्टर ने सभी एसडीएम को निर्देश दिया कि वह पुलिस के साथ जाकर सभी कोचिंगो की जांच करें। जो कोचिंग अवैध रूप से चल रही हैं, उनको सील करें। जिनमें फायर सेफ्टी के इंतजाम नहीं है या गलियों में चल रही है जहां फायर ब्रिगेड के दाखिल होने की जगह नहीं है, उनको तीन दिन में व्यवस्था सुधारने का अल्टीमेटम दें। थाटीपुर लक्ष्मीबाई कॉलोनी रिहाइशी इलाका है, वहां सबसे अधिक कोचिंग हैं, इसलिए वहां भी जांच करें। इस दौरान कोचिंग की परमिशन लेकर भवन अनुमति की भी जांच करें।
फिर लगेगी बुजूर्गों की अदालतः कलेक्टर ने निर्देश दिए कि प्रति बुधवार को सभी एसडीएम सीनियर सिटीजन एवं दिव्यांगो की समस्याओं को सुने और निराकरण करें। गौरतलब है कि पहले भी सीनियर सिटीजन की सुनवाई होती थी, लेकिन कुछ समय से यह सिलसिला बंद हो गया था। अब कलेक्टर ने इसे दोबारा शुरू करने के आदेश दिए हैं।
पशु चिकित्सा विभागः
पशुओं पर क्रूरता करने वालों पर एक्शन लें: पशु चिकित्सा विभाग से पूछा कि पशु क्रूरता के नियम और आपने क्या कार्रवाई की है। इस पर अधिकारियों ने बताया कि 40 डिग्री से अधिक तापमान में पशुओं से काम नहीं लिया जा सकता है। कलेक्टर ने कहा कि अब तक आपने इस मामले में क्या कार्रवाई की है। जो लोग ऐसा कर रहे हैं, उनके खिलाफ जुर्माना करो, मुझे सोमवार को कार्रवाई दिखना चाहिए।
पुलिस-प्रशासनः
कंडम वाहनों को नीलाम करें: कलेक्टर ने पुलिस एवं सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि थानों में रखे कंडम वाहनों की लिस्ट तैयार की जाए। एसडीएम जल्द से जल्द इनकी नीलामी की प्रक्रिया पूरी करें।
loading...
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal