ग्वालियर-जीवाजी विश्वविद्यालय के री-ओपन एक तरह का पुनर्मूल्यांकन के जारी परिणामों ने जेयू की ही मूल्यांकन व्यवस्था को कटघरे में खड़ा कर दिया है। दो चरणों में घोषित री-ओपन के परिणामों में आधे से ज्यादा आवेदकों के अंक बदल गए हैं। एमएससी माइक्रोबायोलॉजी (सीबीसीएस) तृतीय सेमेस्टर में तो सभी आवेदकों के अंक बदल गए हैं।

जीवाजी विश्वविद्यालय ने 11 व 18 अप्रैल को दो चरणों में री-ओपन व री-टोटलिंग के परिणाम जारी किए हैं। यूं तो बदलाव कई परीक्षाओं के परिणाम में आया है, लेकिन कुछ में आया बदलाव चौंकाने वाला है।
मसलन एमबीबीएस फाइनल पार्ट-2 नवम्बर 2018 में 26 छात्रों ने री-ओपन का आवेदन किया। इनमें से 13 विद्यार्थियों के अंक बदल गए। एमएससी फिजिक्स फर्स्ट सेमेस्टर (सीबीसीएस) दिसम्बर 2018 की परीक्षा को लेकर 12 छात्रों ने आवेदन किए, 7 के अंक बदल गए। एमएससी माइक्रोबायोलॉजी थर्ड सेम (सीबीसीएस) दिसम्बर 2018 के परिणाम को लेकर 6 आवेदकों ने आवेदन किए। इसमें शत-प्रतिशत बदलाव हो गया। इसी तरह एमएससी गणित थर्ड सेम, एमजेएमसी फर्स्ट सेम, एमए ज्योतिर्विज्ञान थर्ड सेम (सभी दिसम्बर 2018 के सीबीसीएस) में 4-4 आवेदकों ने री-ओपन का आवेदन किया। इन सभी में 3-3 आवेदकों के परिणाम बदले। बदलाव का प्रतिशत 75 रहा। बी.लिब फर्स्ट सेमेस्टर में 7 में से 4 आवेदकों का परिणाम बदला। अन्य के री-ओपन में भी बदलाव
एमएससी बायोटैक्नोलॉजी फर्स्ट सेम,कैमेस्ट्री फर्स्ट सेम में दो-दो छात्रों ने आवेदन किया, एक-एक का परिणाम बदल गया। एमएससी कैमिस्ट्री थर्ड सेम में 5 में से दो का परिणाम बदला। एमबीए एफए फर्स्ट सेम में तीन में से दो, एमबीए बीई थर्ड सेम में चार में 3 का परिणाम बदला। एमए ज्योतिर्विज्ञान थर्ड सेम में आवेदक चारों छात्रों का परिणाम बदला। अन्य में भी कमोवेश स्थिति यही है।
बड़ा सवाल, कौन गलत ?
खास बात यह है कि ये अधिकांश परीक्षा परिणाम सीबीसीएस प्रणाली के हैं। मायने यह कि ये सभी परीक्षाएं जीवाजी विश्वविद्यालय अध्ययनशाला में पढ़ने वाले छात्रों की है। जिनका मूल्यांकन यही होता है। री-ओपन का शुल्क प्रति उत्तर पुस्तिका 200 रुपए लिया जाता है। लगभग 50 रुपए ऑनलाइन आवेदन में लग जाते हैं। बड़ा सवाल यह उठता है कि यदि मूल्यांकन सही था तो री-ओपन में अंक क्यों बदले? फिर इसके लिए छात्र दोषी कहां रहा? उससे शुल्क किस बात का? यदि री-ओपन सही है तो गलत मूल्यांकन करने वाले शिक्षक के विरुद्घ कार्रवाई कौन करेगा।
loading...
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal