
मऊ । पूर्वांचल में एक मात्र बची हुई लोकसभा सीट घोसी पर भी भाजपा ने आखिरकार रविवार को प्रत्याशी घोषित कर दिया। भाजपा ने यहां से पार्टी की ओर से हरिनारायण राजभर का नाम घोषित कर दिया है। पूर्व में यह सीट भाजपा सुभासपा को देने पर विचार कर रही थी। मगर राज्य में सहयोगी दल सुभासपा की ओर से और सीट की मांग के बाद समझौता न हो पाने पर सुभासपा ने 39 प्रत्याशियों की सूची घोषित कर दी थी। मऊ में सातवें चरण में मतदान होना था, लिहाजा पार्टी इस सीट को लेकर आपसी समझौते पर विचार कर रही थी। हालांकि सुभासपा ने अपने लिए कुछ और सीटों की मांग की थी इसलिए भाजपा से लोकसभा के लिए समझौता नहीं हो सका। वहीं राबर्टसगंज में अपना दल (अनुप्रिया गुट) की ओर से साझा उम्मीदवार की घोषणा की गर्इ तो भी सुभासपा ने प्रत्याशी को समर्थन देने से मना कर दिया था। सुभासपा से समझौता न हो पाने की वजह से ही अंदेशा था कि भाजपा यहां से अब अपना ही प्रत्याशी घोषित करेगी। अब पूर्वांचल में भाजपा की ओर से सभी सीटों पर प्रत्याशियों की स्थिति स्पष्ट हो गई है। ऐसे में अब मऊ जिले में सियासी समर भी अब चरम पर होगा। रविवार को देर शाम भाजपा की ओर से जारी सूची में भाजपा ने कुल सात प्रत्याशियों की घोषणा की है। इसमें से उप्र से एकमात्र सीट घोसी ही शामिल है।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal