ग्वालियर-
ऊर्जा मंत्रालय के अपर मुख्य सचिव आईसीपी केसरी ने विद्युत आपूर्ति की समीक्षा की और उन्होंने रीजन में ट्रिपिंग से हो रही कटौती को लेकर नाराजगी व्यक्त की। अधिकारियों से कहा कि आंधी-तूफान सहित अन्य प्राकृति आपदा को छोड़कर सामान्य दिनों में ट्रिपिंग से बिजली बंद नहीं होना चाहिए।

सर्कल के महाप्रबंधक व उप महाप्रबंधक 13 अप्रैल से 20 अप्रैल के बीच तकनीकी अमले के साथ सब स्टेशनों का निरीक्षण करें। सब स्टेशनों पर उन तकनीकी कमियों का पता लगाएं, जिसकी वजह से ट्रिपिंग आ रही है। उसे दुरुस्त करने का प्लान भी बनाए। इसके अलावा अधिकारी 24 घंटे अपना मोबाइल चालू रखें। जिससे उपभोक्ता की शिकायत के निराकरण में देर न हो सके।
अपर मुख्य सचिव, बिजली कंपनियों के अध्यक्ष सुखबीर सिंह, मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के एमडी डॉ.संजय गोयल ने ग्वालियर रीजन के कार्यों की समीक्षा की। इस बार बैठक ग्वालियर की बजाए गुना में बुलाई गई थी। मोतीझील स्थित मुख्य महाप्रबंधक कार्यालय के अधिकारी व सातों सर्कल के अधिकारी अपने कार्यों का ब्यौरा लेकर गुना पहुंचे। बैठक में ट्रिपिंग से होने वाली कटौती, राजस्व वसूली, खराब मीटर व प्रोजेक्ट के कार्यों की समीक्षा की गई। इस दौरान शहर सहित अंचल में हो रही कटौती पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि कंपनी का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ता को निर्बाध बिजली उपलब्ध कराना और सही बिल उपभोक्ता तक पहुंचाना है। उपभोक्ता को गलत बिल जारी नहीं होना चाहिए। इसके अलावा गुणवत्तापूर्ण बिजली देने के लिए अधिकारी सब स्टेशन ऑपरेटर से संपर्क बनाएं और उससे व्यवधानों के बारे में जानकारी लें। व्यवधान रहित आपूर्ति देने के लिए अगले दो दिन में सुधार कार्य करें।
एमआरआई के माध्यम से पता लगाएं कितने व्यवधान आए
एमपी पावर मैनेजमेंट कंपनी के प्रबंध संचालक व तीनों कंपनियों के अध्यक्ष सुखवीर सिंह ने कहा कि सभी मैदानी अधिकारी एमआरआई के माध्यम से बिजली आपूर्ति की निगरानी करें और देखें कि उनके क्षेत्र में बिजली की सप्लाई में कितने व्यवधान आए। किस कारण आए हैं, आने वाले व्यवधान का स्थाई निराकरण करें। प्रभावी रखरखाव, लोड पर निगरानी रखें। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक डॉ. संजय गोयल ने कहा कि शटडाउन तभी दिया जाए, जब पूरी सामग्री मौके पर पहुंच जाए। सुबह से अधिकारी अपनी प्लानिंग करें।
मतदान व मतगणना स्थल पर करें बिजली की व्यवस्था
अपर मुख्य सचिव ने कहा है कि लोकसभा चुनाव प्रक्रिया के दौरान ईवीएम आवंटन, निर्वाचन कार्यालय, मतदान केन्द्र और मतगणना स्थल पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित होना चाहिए। प्रत्येक जिले, तहसील में सहायक अभियंता स्तर के अधिकारी को इस विशिष्ट कार्य के लिए जिम्मेदार बनाया जाए।
– उन्होंने कहा कि गर्मी का मौसम शुरू हो गया है। नल जल योजना, नगर निगम की पेयजल के समय बिजली आपूर्ति का विशेष ध्यान रखा जाए।
loading...
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal