ग्वालियर- पीओके में भारतीय वायुसेना और थल सेना के संयुक्त ऑपरेशन के तहत की गई एयर स्ट्राइक के बाद शहर हाईअलर्ट पर है। ग्वालियर के उन इलाकों में सेना, अर्द्ध सैनिक बल और लोकल पुलिस ने भी सुरक्षा बढ़ा दी है, जो सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं। इंटेलिजेंस भी सतर्क हो गई है। मुरार छावनी क्षेत्र में आम लोगों (सिविलियन) का प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया है।
एयरफोर्स, सेना और पुलिस के साथ ही इंटेलिजेंस सतर्क
रेलवे स्टेशन और भीड़ भरे इलाकों में बढ़ाई सुरक्षा
मुरार केंटोनमेंट की कैंटीन में भी रिटायर्ड फौजी, उनके परिजन और सिविलियन के प्रवेश पर रोक लगा दी है। देर शाम शासन से भी हाईअलर्ट को लेकर निर्देश जारी हुए। ग्वालियर में विशेष सुरक्षा व्यवस्था करने को कहा गया है। पुलिस ने शहर में करीब 350 जवान सुरक्षा में तैनात किए हैं।
महत्वपूर्ण इकाई: ग्वालियर सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, क्योंकि यहां महाराजपुरा में एयरफोर्स एयरबेस, मुरार छावनी बोर्ड, पनिहार में सीआरपीएफ का प्रशिक्षण केंद्र, टेकनपुर में बीएसएफ ट्रेनिंग अकादमी के साथ अश्रु गैस इकाई, एनसीटीडी, डीआरडीईओ सहित अन्य महत्वपूर्ण इकाई हैं।
इसलिए हो रहा ऐसा
एयर स्ट्राइक के बाद यह भी खबर सामने आई कि महाराजपुरा एयरबेस से मिराज-2000 विमानों ने उड़ान भरी थी। इसके चलते एयरफोर्स एयरबेस, बीएसएफ अकादमी, मुरार छावनी बोर्ड, सीआरपीएफ और डीआरडीईओ के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस भी तैनात की गई है।
इसके अलावा सेना, अर्द्ध सैनिक बल सहित आईबी और एसबी की इकाई भी अलर्ट मोड पर हैं। लोकल पुलिस के अधिकारी लगातार सेना और अर्धसैनिक बलों के अधिकारियों से संपर्क में हैं। एहतियात के तौर पर छावनी बोर्ड के आसपास सिविलियन का प्रवेश रोक दिया गया है। कैंटीन में भी रोक लगा दी है।
वहीं मिलिट्री हॉस्पिटल में सुविधा बढ़ा दी गई हैं। यहां डॉक्टरों की एक टीम तैनात की गई है। छावनी में मौजूद सैनिकों को छावनी बोर्ड के बाहर जाने पर रोक लगा दी है। आने-जाने वाले वाहनों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
मुरार क्षेत्र से सुबह जवानों की गाड़ियां रवाना हुई हैं। संभावना है, इन जवानों को भी भारत-पाकिस्तान सीमा पर सुरक्षा में तैनात किया गया है। देशभर से 100 कंपनियां डिप्लॉय की गई हैं, इनमें ग्वालियर से भी जवान गए हैं।
पुलिस की सलाह- सतर्क रहें, सूचना दें
सोशल मीडिया पर भ्रम और अफवाह फैलाने वाले मैसेज फॉरवर्ड न करें।
सोशल मीडिया पर चल रहे भ्रामक मैसेज को फॉरवर्ड न करें। सुबह से सोशल मीडिया पर मैसेज सर्कुलेट हो रहा है कि बुधवार को एक घंटे का ब्लैक आउट रहेगा, इस तरह के भ्रम पैदा करने वाले मैसेज न शेयर किए जाएं।
आसपास अगर कोई ऐसा व्यक्ति रह रहा है, जिसकी गतिविधि संदिग्ध है तो तुरंत संबंधित थाने में या पुलिस हेल्पलाइन में सूचना दें।
बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन पर कोई संदिग्ध वस्तु, बैग नजर आए तो उसे न छुएं ।
संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु दिखे तो तुरंत 0751-2445222, 7049110100 पर सूचना दें।
किराएदार, बाहरी व्यक्तियों की पूरी जानकारी संबंधित थाने, पुलिस कंट्रोल रूम में दें।
पुलिस ने एहतियातन महाराजपुरा एयरबेस से पहले भिंड रोड पर एक चेकिंग प्वॉइंट लगाने के साथ ही एयरबेस और उसके आसपास 150 जवान तैनात किए हैं। इसी तरह मुरार छावनी में 200 जवान तैनात किए हैं।
loading...
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal