आरोपी हिरासत में, पुलिस कर रही पूछताछ
✍🏻 कुलदीप सिंह (सन्नी)

BK-NEWS/सिंगरौली/मोरवा:- सिंगरौली जिले के मोरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत पडताली गांव में मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मुर्गा बनाने और खाने को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि लाठी से किए गए हमले में एक बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान मोतीलाल पनिका पिता स्वर्गीय सरजू पनिका उम्र 58 वर्ष निवासी पडताली थाना मोरवा के रूप में हुई है। घटना 20 मई की रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है। मामले की सूचना मृतक की बेटी सीताकुमारी पनिका द्वारा मोरवा थाने में दी गई।
बताया गया कि सीताकुमारी नगर निगम में ड्यूटी करने गई हुई थी। इसी दौरान दोपहर करीब 1 बजे उसके पिता मोतीलाल पनिका और गांव के ही मनीराम पनिका के बीच मुर्गा बनाने और खाने की बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों के बीच मारपीट होने लगी। आरोप है कि इसी दौरान मनीराम पनिका ने लाठी से हमला कर मोतीलाल को गंभीर रूप से घायल कर दिया।
शाम करीब 7 बजे जब परिजन घर पहुंचे तो मोतीलाल पनिका घायल अवस्था में पड़े मिले। आनन-फानन में उन्हें निजी वाहन से एनसीएल अस्पताल सिंगरौली ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही मोरवा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मोरवा निरीक्षक डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है। वहीं थाना प्रभारी ने घटनास्थल का मुआयना करते हुए आरोपी मनीराम पनिका को हिरासत में ले लिया है। आरोपी से पूछताछ जारी है तथा पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।
घटना के बाद गांव में शोक और तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal