फुटबॉल खेलने निकला था घर से, परिवार ने जताई आशंका—पुलिस सभी एंगल से कर रही जांच।

पत्रकार: कुलदीप सिंह (सन्नी)
BK-NEWS/सिंगरौली/मोरवा:- रविवार सुबह घर से फुटबॉल खेलने निकले 15 वर्षीय किशोर गुलाम वारिस की कुंड में डूबने से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सोमवार सुबह उसका शव बरामद होने के बाद पूरे इलाके में शोक के साथ-साथ घटना को लेकर कई सवाल भी खड़े हो गए हैं ।

गुलाम वारिस, मोहम्मद जुल्फिकार का इकलौता पुत्र था और क्राइस्ट ज्योति स्कूल में कक्षा 10वीं का छात्र था। परिवार में माता-पिता और एक छोटी बहन है।
परिजनों के मुताबिक, रविवार सुबह करीब 6 बजे वह अपने दोस्तों— अभिनेन्द्र, प्रतीक और रवि —के साथ फुटबॉल खेलने की बात कहकर घर से निकला था। बाद में वह झिगुरदा स्थित हनुमान मंदिर के पीछे बने कुंड में नहाने चला गया।
सुबह करीब 9 बजे जब उसके पिता धनबाद से लौटे, तो गुलाम वारिस घर पर नहीं मिला। कई बार कॉल करने के बावजूद संपर्क नहीं हो सका। दोस्तों को फोन किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया। बाद में उनके परिजनों से संपर्क करने पर जानकारी मिली कि किशोर कुंड के पास गया था। इसके बाद परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और खोजबीन शुरू की गई।
मामले ने उस समय तूल पकड़ा जब गुलाम वारिस का फुटबॉल घटनास्थल से काफी दूर सड़क किनारे मिला। जबकि उसके दोस्तों का कहना था कि उसे बचाने के प्रयास में गेंद पानी में फेंकी गई थी। इस विरोधाभास के चलते परिजनों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
रविवार देर शाम तक स्थानीय लोगों ने जंगलों के बीच स्थित कुंड में टायर के सहारे सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिली। सोमवार सुबह एनडीआरएफ टीम के आने से पहले ही परिजनों और ग्रामीणों ने दोबारा खोज शुरू की और करीब 8:30 बजे कुंड से किशोर का शव बरामद कर लिया।
घटना की सूचना पर अनपरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
परिजनों ने पहले ही मोरवा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। चूंकि घटनास्थल उत्तर प्रदेश सीमा में आता है, इसलिए अनपरा पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal