सब्बल से सिर पर वार कर आरोपी फरार, पुलिस की तलाश तेज

सिंगरौली। मोरवा थाना क्षेत्र के सीईटीआई के समीप सोमवार दोपहर एक महिला की निर्मम हत्या से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार, आरोपी अजय दास ने अपनी पड़ोसी कुसुम देवी पति अमर सिंह चौहान (30 वर्ष) पर सब्बल से हमला कर उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।
घटना दोपहर करीब 2 बजे की बताई जा रही है। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल कुसुम देवी को तत्काल नेहरू शताब्दी चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही मोरवा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री के निर्देश एवं एसडीओपी गौरव पांडेय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उमेश प्रताप सिंह ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
शक के चलते दिया वारदात को अंजाम
बताया जा रहा है कि आरोपी अजय दास की पत्नी करीब एक माह पूर्व घर से भाग गई थी। उसे शक था कि उसकी पत्नी को पड़ोसी कुसुम देवी भड़काती थी। इसी रंजिश के चलते आरोपी ने मौका पाकर इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया।
आरोपी की तलाश में पुलिस की कई टीमें सक्रिय
थाना प्रभारी उमेश प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमों का गठन किया गया है, जो जिले के विभिन्न इलाकों में दबिश दे रही हैं। होटल, लॉज और सार्वजनिक स्थलों पर भी पुलिस की कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही तत्काल पुलिस टीम को रवाना किया गया था। जयंत चौकी में अपराध पंजीबद्ध कर आगे की जांच की जा रही है।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal