बच्चों की उपस्थिति कम, भोजन में लापरवाही और रिकॉर्ड गड़बड़ी पर फटकार
सिंगरौली, 16 अक्टूबर 2025।

कलेक्टर गौरव बैनल ने गुरुवार को आंगनवाड़ी केंद्र करौटी का औचक निरीक्षण किया, जहां अव्यवस्थाओं को देख वे नाराज़ हो उठे। निरीक्षण के दौरान केंद्र में दर्ज बच्चों की उपस्थिति बेहद कम पाई गई, साथ ही गर्भवती और धात्री महिलाओं की जानकारी के संधारण में भारी लापरवाही सामने आई।

कलेक्टर ने पंजी का अवलोकन करते हुए पाया कि बच्चों के प्रोफाइल अपडेट नहीं किए गए, और समय पर नाश्ता-भोजन उपलब्ध नहीं कराया गया। इस पर उन्होंने महिला एवं बाल विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि संबंधित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने साफ चेतावनी दी कि भोजन की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही निर्देश दिए कि बच्चों को खेलने के लिए पर्याप्त खिलौने उपलब्ध कराए जाएं और शारीरिक-मानसिक गतिविधियों के माध्यम से समग्र विकास सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर बैनल ने कहा कि धात्री और गर्भवती महिलाओं को समय पर पोषण आहार और स्वास्थ्य जांच कराकर पोर्टल पर अपडेट किया जाए। उन्होंने सभी ब्लॉकों में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कर पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने यह भी कहा कि एनीमिया से पीड़ित गर्भवती एवं धात्री महिलाओं का नियमित परीक्षण किया जाए और हीमोग्लोबिन बढ़ाने वाली दवाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं।
महिला एवं बाल विकास अधिकारी को निर्देश दिए गए कि एएनएम, आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का ब्लॉक स्तर पर सामूहिक प्रशिक्षण कर उनकी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी बढ़ाई जाए। साथ ही सुपरवाइजरों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतत भ्रमण कर निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal