बढ़ता कारवाँ न्यूज//ब्यूरो कार्यालय

वनकर्मियों को भी पुलिस का दर्जा मिले – पूर्व नेता प्रतिपक्ष
BK NEWS:- पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा है गुना में काले हिरण के शिकारियों द्वारा तीन पुलिसकर्मियों की हत्या से यह सिद्ध हो गया है कि मध्यप्रदेश में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।माफिया और अपराधियों को सरकार का संरक्षण प्राप्त है। उन्हें मुख्यमंत्री की “गाड दूंगा” “उल्टा लटका दूंगा” जैसी चेतावनियाँ गीदड़ भभकी जैसी लगती हैं।गुना में एक एसआई सहित दो आरक्षकों की शहादत दिल दहला देने वाली घटना है और प्रदेश में हो रहे अपराधों की पराकाष्ठा।अब यहाँ पुलिस भी सुरक्षित नहीं है।आम जनता का तो भगवान ही मालिक है।
सिंह ने घटना पर दुःख व्यक्त करते हुए कहा है कि वनकर्मियों पर भी हमेशा तलवार लटकी रहती है।मैं पहले भी शिवराज सिंह से मांग कर चुका हूँ कि वनकर्मियों को भी पुलिस का दर्जा दिया जाये ताकि वे वन अपराधियों से निडर होकर मुकाबला कर सकें। प्रदेश में लगातार वनकर्मियों पर जानलेवा हमले की घटनाएं हो रही हैं लेकिन सरकार बेफिक्र है।अभी भी समय है कि ठोस उपाय किये जाएँ ताकि वन अपराधों की पुनरावृत्ति को रोका जा सके।घटना के बाद में चेतने से एक समय ऐसा आयेगा कि पुलिसकर्मियों और वनकर्मियों का विश्वास सरकार से उठने लगेगा। उन्होंने शहीद पुलिसकर्मियों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए सरकार से उनके प्रति अतिसंवेदनशील रवैया अपनाने का आग्रह किया है।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal