
बढ़ता कारवाँ/सिंगरौली आज दिनांक 20/08/2021 को एनसीएल परियोजना जयंत के कोयला लोडिंग प्वाइंट गेट नं.4 के पास शुक्रवार की दोपहर बाद एनसीएल के सुरक्षा गार्डों एवं कोल वाहन चालकों के बीच जमकर बवाल हुआ और इस दौरान वाहन चालकों का आरोप है कि सुरक्षा गार्डों ने बेवजह अश्लील गालियां देते हुये मारपीट की है और वही सुरक्षा गार्डों के इस कृत्य से नाराज ट्रांसपोर्टरों ने चकाजाम कर दिया।
जानकारी के मुताबिक एनसीएल परियोजना जयंत के कोयला लोडिंग प्वाइंट गेट नं.4 में शुक्रवार की दोपहर बाद कोल वाहन के टाइमिंग को लेकर परियोजना के सुरक्षा गार्डों ने कुछेक कोल वाहन चालकों को गालियां देने लगे और इसी बात को लेकर सुरक्षा गार्डों एवं वाहन चालकों के बीच कहा-सुनी शुरू हो गयी। बात इतनी बढ़ गयी कि सुरक्षा गार्डों ने कोल वाहन चालकों को पीटते हुये हालात नाजुक होते देख भाग खड़े हुये और वहीं सुरक्षा गार्डों के इस दादागिरी के खिलाफ वाहन चालकों का आक्रोश भड़क गया।
कोल वाहन चालकों ने कोयला लोडिंग प्वाइंट गेट नं.4 के सड़क मार्ग में कोल वाहनों को खड़ा कर जाम लगा दिया जहां कोल वाहनों की लंबी कतारे लग गयीं और वहीं कई ट्रांसपोर्टर व डीओ होल्डर भी परियोजना के सुरक्षा गार्डों के खिलाफ खुलकर सड़क पर उतर आये इस दौरान जमकर बवाल हुआ और चालकों ने सुरक्षा गार्डों के साथ-साथ काटा पर तैनात कर्मचारियों का व्यवहार भी ठीक नहीं रहता और वहां का स्टाफ सुरक्षा गार्डों के इशारे पर ही काम करते हैं। परियोजना में तैनात सुरक्षा गार्ड गुण्डा गर्दी पर उतारू रहते हैं। चालकों के साथ आये दिन गाली-गलौज व नोक-झोक करते रहते हैं। फिलहाल 2 घण्टे से अधिक समय तक मामला गरमाता रहा। अंतत: जब जयंत पुलिस को हालात की जानकारी हुई तो मौके से पहुंच दोनों पक्षों को समझाईश देकर मामला शांत कराया। कोल वाहन चालकों ने पुलिस चौकी जयंत में लिखित रिपोर्ट करते हुए एनसीएल सुरक्षा गार्डों पर मारपीट का आरोप लगाया है।
दो घण्टे तक बाधित रहा कोल परिवहन
जानकारी के अनुसार एनसीएल के सुरक्षा गार्डों द्वारा कोल वाहन चालकों के साथ की गयी गाली-गलौज व मारपीट से गुस्साये चालकों ने जाम लगा दिया और जमकर तीखी बहस करते हुए सुरक्षा गार्डों के साथ विवाद करने पर उतारू हो गये। तब तक में डीओ होल्डर पहुंच गये और उनसे भी एनसीएल के सुरक्षा गार्डों ने भी बहस शुरू कर दिया। सुरक्षा गार्डों ने अपने गलतियों को मानने को तैयार नहीं थे। तकरीबन दो घण्टे तक कोल वाहनों के पहिए थमे रहे। इस दौरान कोल परिवहन पूरी तरह से जयंत लोडिंग प्वाइंट गेट नं.4 से प्रभावित रहा।
सिक्योरिटी आफीसर ने कराया बवाल
एनसीएल परियोजना जयंत में पदस्थ सिक्योरिटी आफीसर संदीप शाह का तबादला हो गया है। किन्तु अभी भी जयंत परियोजना से मोहभंग नहीं हो रहा है और आरोप लगाया जा रहा है कि आज का बवाल स्थानांतरित सिक्योरिटी ऑफीसर के बदौलत हुआ है और उसने कोल वाहन चालकों के साथ अभद्र व्यवहार व गाली-गलौज धक्का मुक्की की है। यह भी आरोप लगाया जा रहा है कि उक्त सिक्योरिटी ऑफीसर स्टाफ के साथ भी अच्छा बरताव नहीं करता है और आये दिन स्टाफ के साथ खिचखिचबाजी, कहा सुनी, तूतू-मैमै होती रहती है।
www.badhtakarwan.com
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal