ग्वालियर/भोपाल मप्र के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के भाई बिजली कंपनी का बकाया भुगतान नहीं कर रहे हैं। उनके स्टोन क्रेशर पर 95.83 लाख रुपये बकाया हो गए हैं। इसके बाद भी वह एक महीने में सात लाख 74 हजार रुपये से अधिक की बिजली इस्तेमाल कर रहे हैं।
मीडिया तक खबर पहुंचाने मेंसहायक यंत्री ग्रामीण की कारगुजारी इसमें चर्चा का विषय हे
चंद हजार रुपये बकाया होने पर आम लोगों का कनेक्शन काटने वाले बिजली कंपनी के अधिकारी उनसे वसूली करने के बजाय फाइल दबाए हुए हैं। मामले को लेकर मंत्री का कहना है कि मेरे भाई पर बिल बकाया है तो इसमें मेरी क्या गलती है।
ऊर्जा मंत्री तोमर के परिवार का ग्वालियर के बिलौआ में ऋतुराज स्टोन क्रेशर संचालित है। इसे मंत्री के भाई व एक सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी चलाते हैं। 2014 में स्टोन क्रेशर संचालन के लिए हाइटेंशन लाइन का कनेक्शन लिया गया था। शुरुआत में इसका बिल अदा किया गया, लेकिन बाद में बिल चुकाना बंद कर दिया गया। धीरे-धीरे इस क्रेशर पर लाखों रुपये का बिल बकाया हो गया।
बिल बकाया होने की वजह से यह क्रेशर सुर्खियों में आ गया। सोशल मीडिया पर भी इनका बिल वायरल हुआ। 20 जून 2020 को पांच लाख 94 हजार रुपये का बिल जमा किया गया। जुलाई में फिर से मीटर की रीडिंग हुई और सात लाख 74 हजार 91 रुपये का बिल जारी हुआ, लेकिन बिल जमा नहीं हुआ। पहले का 88,09,346 रुपये का बिल बकाया था। अब कुल बकाया 95 लाख 83 हजार रुपये पर पहुंच गया है। बिजली बिल में क्रेशर का पंजीकृृत कार्यालय 336-तानसेन नगर ग्वालियर दर्शाया गया है।
लोड का भी ज्यादा इस्तेमाल
क्रेशर का कनेक्शन 200 केवीए का है, मगर लोड है करीब 350 केवीए। यह क्रेशर बंद हो जाता है तो बिजली कंपनी के लाखों रुपये डूब जाएंगे। सिक्युरिटी राशि बतौर 14 लाख 66 हजार रुपये ही जमा, होना चाहिए तीन माह के बिल के बराबर राशि।
ग्वालियर के उपभोक्ताओं पर 400 करोड़ बकाया
राज्य सरकार ने संबल योजना के तहत ग्वालियर के डिफॉल्टरों के करीब 150 करोड़ रुपये के बकाया बिल माफ किए गए थे। इसके बाद भी शेष राशि जमा नहीं की गई। अब बकाया का आंकड़ा 400 करोड़ के करीब पहुंच गया है।
‘क्रेशर संचालकों की ओर से बिजली के बिल को किस्त में जमा करने के लिए आवेदन आया था। किस्त में बिल जमा कराने की कार्रवाई की जा रही है। कोविड-19 की वजह से दफ्तर बंद हैं। रिकॉर्ड देखकर बता सकते हैं कि कितनी किस्त में बिल जमा कराना है।”
-सुनील खरे, महाप्रबंधक, ओएंडएम सर्कल ग्वालियर
10-12 हजार बकाया होने पर भी काट दिए कनेक्शन -थाटीपुर निवासी रामकुमार का 10 हजार रुपये का बिल बकाया था, लेकिन जुलाई में कनेक्शन काट दिया गया था। -नाका चंद्रवदनी निवासी रमेश प्रजापति पर 12 हजार रु. का बकाया हो गया था। इनका भी कनेक्शन जुलाई में काट दिया गया था। डबरा में रिकॉर्ड बनाने के चक्कर में कुर्की के नोटिस दिए हे
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal