ग्वालियर- उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) भारत सिंह कुशवाह ने अफसरों से कहा कि काम तो करना होगा। आपको काम को लेकर जवाब देना होगा क्योंकि क्षेत्र में जनता हर काम को लेकर मुझसे जवाब मांगती है। राज्यमंत्री ने शहर में शामिल हुए गांवों, छावनी क्षेत्र, मुरार ग्रामीण व घाटीगांव के विकास कार्यों को लेकर कलेक्ट्रेट में बुधवार को अफसरों की बैठक ली। बैठक में कहा कि शहर में शामिल हुए ग्रामीण क्षेत्र के सभी 6 वार्ड (वार्ड 61 से 66) में पेयजल, सीवर व कचरा प्रबंधन आदि काम प्रमुखता से कराए जाएं। उन्होंने कहा शहर में शामिल हुए जिन गांवों में संभव हो वहां अमृत योजना के तहत और शेष गांवों में मुख्यमंत्री शहरी पेयजल योजना के तहत पेयजल संबंधी काम कराएं। बैठक में कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह व नगर निगम आयुक्त संदीप माकिन सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
बैठक में राज्य मंत्री भारत सिंह कुशवाह ने नगर निगम आयुक्त से कहा कि शहर में शामिल हुए गांवों को भी अमृत योजना से जोड़ने के लिए प्रस्ताव तैयार करें। शहर की अन्य बस्तियों की तरह शहरी क्षेत्र में शामिल गांवों में भी कचरा संग्रहण के लिए नियमित रूप से वाहन पहुंचें।
वीरपुर रोड पोल शिफ्टिंगःबैठक से निगमायुक्त ने किया फोन
राज्य मंत्री ने मुख्यमंत्री अधोसंरचना विकास योजना के तहत निर्माणाधीन वीरपुर रोड पर पोल शिफ्टिंग में हो रही देरी पर नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिए कि यह काम जल्द से जल्द पूर्ण कराएं। यहां बिजली कंपनी को पोल शिफ्टिंग के लिए पैसा दिया जा चुका है और 2018 से रोड अटकी पड़ी है। इस पर मौके से निगमायुक्त ने बिजली कंपनी अफसर को फोन लगाया और मंत्री की नाराजगी बताई।
छावनी क्षेत्रः विकास पर खर्च ही नहीं किया बजट
छावनी क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं के लिए मंजूर बजट खर्च न होने पर राज्य मंत्री ने नाराजगी जताई। राज्य मंत्री ने कहा कि करीब पांच साल पहले वही यह राशि स्वीकृत कराकर लाए थे, लेकिन 8 करोड़ में से अब तक सिर्फ तीन करोड़ ही खर्च किया गया है। शेष बजट लैप्स होने वाला है। उन्होंने कहा कि राशि के सदुपयोग के लिए दूसरी एजेंसी से छावनी क्षेत्र में काम कराए जाएं, जिससे यहां के निवासियों को अच्छी बुनियादी सुविधाएं मिल सकें। श्री कुशवाह ने विधानसभा क्षेत्र ग्वालियर ग्रामीण के अंतर्गत आने वाले विकासखंड घाटीगांव के गांवों एवं विकासखंड मुरार में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा भी बैठक में की।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal