ग्वालियर।लोकायुक्त की टीम द्वारा गतसुबह थाटीपुर में रहने वाले शासकीय शिक्षक के निवास पर छापामार कार्रवाई की गई, जिसमें आय से कई गुना अधिक संपत्ति का खुलासा हुआ है। लोकायुक्त टीम को शिक्षक के घर से 12 बीघा जमीन के दस्तावेजों के साथ ही ब्याज पर पैसे देने के एवज में बंधक रखे गए मकान के कागजात व लाखों रुपए के चेक, एक बोलेरो एवं दो बाइक्स मिली हैं।
लोकायुक्त द्वारा मिली संपत्ति व दस्तावेजों की जांच की जा रही है। लोकायुक्त की टीम नेगत सुबह छह बजे गोहद में पदस्थ सरकारी शिक्षक थाटीपुर थाना क्षेत्र के शिव नगर में रहने वाले चंद्रप्रकाश पाठक के घर पर छापामार कार्रवाई की। चंद्रप्रकाश मूलत: उटीला का निवासी है। उसके खिलाफ लोकायुक्त में आय से अधिक संपत्ति होने की शिकायत के बाद यह कार्रवाई की गई है। जिसमें लोकायुक्त की टीम ने उसके घर के तीन कमरों में रखी अलमारी के लॉकर को खोला, तो उसमें कई दस्तावेज मिले, जिसमें शिवनगर स्थित मकान के साथ ही ब्याज पर पैसे देकर बंधक रखे गए गए एक मकान तथा उटीला में 12 बीघा जमीन के दस्तावेज सहित ब्याज पर दी गई रकम के एवज में लिए गए लगभग एक दर्जन चेक, आठ बैंक खाते तथा कुछ ज्वेलरी के बिल भी मिले हैं। इसके अलावा घर में एक बोलेरो व दो बाइक्स भी लोकायुक्त टीम को मिली है। लोकायुक्त की छापामार टीम में शामिल निरीक्षक कवींद्र चौहान ने बताया कि सभी दस्तावेजों को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है, साथ ही बैंकों से भी डिटेल मांगी गई है। उन्होंने बताया कि आरोपी शिक्षक के खिलाफ भ्रष्टाचार उन्मूलन अधिनियम के तहत् प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। व्यापमं मामले में गया था जेल लोकायुक्त निरीक्षक कवींद्र चौहान ने बताया कि टीम द्वारा जिस शिक्षक के घर पर छापामार कार्रवाई की गई है, वह व्यापमं कांड में भी लिप्त रहा है, जिसके चलते वह दो माह की जेल भी काटकर आ चुका है, एवं उसके द्वारा इस कांड में दलाली के माध्यम से पैसा एकत्रित करने की शिकायत मिली थी। इनका कहना है शिक्षक के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति एकत्रित किए जाने की शिकायत मिली थी, जिस पर यह कार्रवाई की गई है, जिसमें मिले संपत्ति के दस्तावेजों व बैंक खातों की जांच की जाएगी। कवींद्र चौहान, निरीक्षक, लोकायुक्त
शिक्षक ने कार्रवाई को गलत ठहराया
लोकायुक्त की कार्रवाई की जद में आए शिक्षक चंद्रप्रकाश ने इस कार्रवाई को गलत ठहराते हुए आरोप लगाया है कि उसके ही गांव के रहने वाले कुछ लोग उससे रंजिश रखते हैं, जो लगातार उसके खिलाफ इस तरह की शिकायतें कर रहे हैं।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal