ग्वालियर /भोपाल
मप्र में सरकार का तख्तापलट करने में भदौरिया की भूमिका भी अहम मानी जाती है। वे पहली बार शिवराज सरकार में मंत्री बने हैं।
सहकारिता मंत्री अरविंद भदौरिया भिंड जिले के दौरे पर हैं, यहां एक सभा में प्रदेश में कमलनाथ सरकार के गिरने की कहानी सुना रहे थे
उन्होंने कहा- 60% लोगों ने सिंधिया के चेहरे पर वोट दिया था, कमलनाथ के चेहरे पर 7% वोट मिले, पर सत्ता मिलने के बाद सिंधिया को ही दरकिनार कर दिया
मध्य प्रदेश सरकार में सहकारिता मंत्री अरविंद भदौरिया का एक 3 मिनट 47 सेकंड वीडियो खूब वायरल हो रहा है। इस वीडियो में भदौरिया पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और उनके बेटे को लेकर अमर्यादित भाषा बोल रहे हैं। उन्होंने पूर्व मंत्री जीतू पटवारी के लिए भी अश्लील बातें कहीं। शनिवार रात भदौरिया भिंड में प्रदेश में कमलनाथ सरकार के गिरने की कहानी सुना रहे थे।भदौरिया ने पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के बारे में कहा कि वो काला है, उसका दिल भी काला है।
भदौरिया भिंड जिले की अटेर विधानसभा से विधायक हैं। कमलनाथ सरकार का तख्तापलट करने में भदौरिया की भूमिका भी अहम मानी जाती है। वे पहली बार शिवराज सरकार में मंत्री बने हैं। शनिवार को मंत्री बनने के बाद भिंड आए तो उन्होंने सरकार गिरने के कई राज खोले।
उन्होंने कहा कि 22 दिन 22 विधायक (कांग्रेस के) बेंगलुरु में रहे। उससे पहले 13-14 विधायक उनके पास थे। तब दिग्विजय सिंह, उनका बेटा जयवर्धन सिंह और जीतू पटवारी होटल में आए, गुंडागर्दी की। मैंने कहा- मैं चंबल से आता हूं, मेरा नाम अरविंद सिंह भदौरिया है। चंबल का आदमी प्यार से बात करता है, गुंडागर्दी से नहीं। उसके बाद दिग्विजय ने मुझे खरीदने की कोशिश की। मैंने कहा कि तुम्हारे बाप भी मुझे नहीं खरीद पाएंगे। बाद में उन्होंने मेरे भाई को पुलिस थाने बुलवाया। घर पर पुलिस भेजी। मेरे नौकर को पकड़ लिया। फिर भी सरकार नहीं बचा पाए। अरविंद ने पूर्व मंत्री जीतू पटवारी के बारे में भी अपशब्द कहे।
कांग्रेस पर वादाखिलाफी का आरोप
शहर के निराला रंग विहार में स्वागत कार्यक्रम में भदौरिया ने करीब 23 मिनट का भाषण दिया। उन्होंने कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के लिए कहा कि कांग्रेस को 60 प्रतिशत लोगों ने सिंधिया के चेहरे पर वोट दिया था, जबकि कमलनाथ के चेहरे पर 7 प्रतिशत वोट मिला था। जब कांग्रेस की सरकार बनी तो उन्होंने वादाखिलाफी की। सिंधिया की एक नहीं सुनी।
अटेर के पूर्व विधायक कटारे पर भी निशाना, कहा- राजनीति में भी मर्यादा होती है
कैबिनेट मंत्री डॉ. भदौरिया ने अपने भाषण के अंत में कांग्रेस से अटेर के पूर्व विधायक हेमंत कटारे पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिसके जैसे संस्कार होते हैं वह वैसा बोलता है। राजनीति में भी मर्यादा होती है। लेकिन मैं इसका जवाब नहीं दूंगा। जब कभी सामने आएंगे तो जनता जवाब देगी। कुछ महीने पहले पूर्व मंत्री डॉ. गोविंद सिंह के आवास पर आयोजित पत्रकारवार्ता में अटेर के पूर्व विधायक हेमंत कटारे ने भदौरिया को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी।
कांग्रेस ने कहा- भदौरिया ने संस्कारों को सार्वजनिक कर दिया
कांग्रेस के ग्वालियर- चम्बल संभाग के मीडिया प्रभारी केके मिश्रा ने कहा कि सहकारिता मंत्री ने पद की गरिमा का भी ध्यान नहीं रखा। जिस तरह की भाषा का उपयोग किया है, उससे उनके संस्कार सार्वजनिक हो गए। अभद्र-अमर्यादित भाषा उनकी वैचारिक और शाब्दिक दरिद्रता का प्रतीक हैं। भदौरिया को जो राजनीतिक-पारिवारिक विरासत मिली है, उसी की उन्होंने सार्वजनिक व्यक्त किया है। कांग्रेस इसके लिए उनका आभार व्यक्त करती है।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal