ग्वालियर
कोरोना पॉजिटिव मरीजों की ,जोसुपर स्पेशियलिटी में भर्ती हैं , रोजाना की नई-नई डिमांड अफसरों की परेशानी बन गई है। अब एक मरीज ने शिकायत दर्ज कराई है कि खाना बहुत ऑयली एवं मसालेदार है। इसलिए खाने में कम तेल एवं मसाले डाले जाएं। वहीं एक मरीज से परेशान नर्स ने भी प्रबंधन से दो खाने के पैकेट भेजने की गुहार लगाई है।
दरअसल चेतकपुरी निवासी अभिषेक एवं टेकनपुर निवासी बीएसएफ के सेकंड कमांड अशोक कुमार की शिकायत के बाद सुपर स्पेशियलिटी में खाने का मैन्यु बदला गया था। सुबह नाश्ते में चाय, बिस्कुट की जगह बटर, ब्रेड शामिल किया गया है। अब सिल्वर एस्टेट निवासी कोरोना पॉजिटिव मरीज ने फिर खाने को लेकर आपत्ति दर्ज कराई है। मरीज का कहना है कि वह कम मसालेदार एवं ऑयली खाना खाते हैं। जबकि अस्पताल में उनको दिए जाने वाले भोजन में अधिक मात्रा में तेल एवं मिर्च होती है। अस्पताल प्रबंधन ने आश्वासन दिया है कि भोजन में तेल कम हो इसका ध्यान रखा जाएगा।
दो पैकेट भोजन भेजा जाएः-सुपर स्पेशियलिटी में भर्ती कोरोना पॉजिटिव मरीज एवं स्टाफ की संख्या के अनुसार ही भोजन भेजा जाता है। पिछौर निवासी कोरोना पॉजिटिव मरीज ट्रक ड्रायवर है। एक पैकेट पर्याप्त नहीं होने पर वह दूसरे पैकेट की डिमांड करता है। ऐसे में नर्स को अपना भोजन का पैकेट भी मरीज को देना पड़ता है। नर्स ने प्रबंधन से मांग की है कि मरीज के लिए दो पैकेट भोजन के भेजे जाएं। क्योंकि पैकेट कम आने से उनको भूखा रहना पड़ता है।
कोरोना पॉजिटिव मरीजों की तरफ से जो शिकायतें आई थी, उनका निराकरण कर दिया गया है। वैसे भी भोजन बहुत कम ऑयली एवं मसालेदार होता है। मरीज की हेल्थ को ध्यान में रखकर ही भोजन तैयार होता है। अस्पताल में खाने के पैकेट की संख्या बढ़ाई गई है।
डॉ विनीत चतुर्वेदी, सहायक अधीक्षक जेएएच
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal