
— बांसडीह तहसील में एसपी संग सुनी जनता की समस्या
— कुल आए 163 मामलों में 15 का मौके पर निस्तारण
बलिया: बासंडीह तहसील में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी श्रीहरि प्रताप शाही व एसपी देवेंद्र नाथ ने जनता की समस्याओं को सुना। इसमें प्रमुख रूप से जमीनी विवाद, अवैध अतिक्रमण, राशन, पेंशन आदि के कुल 163 मामले आए, जिनमें 15 का मौके पर निस्तारण कराया। शेष समस्याओं को सम्बन्धित अधिकारियों को सौंपते हुए समयान्तर्गत व गुणवत्तापरक निस्तारण कराने का निर्देश दिया।
जनशिकायतों को सुनने के बाद जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि समय से शिकायतों का निस्तारण कर दें। अनावश्यक लेटलतीफी संज्ञान में आने पर कार्रवाई भी होगी।
इस अवसर पर तहसील क्षेत्र से तरह—तरह की समस्याएं आई। नीलम शर्मा निवासी शोभनाथपुर ने पिछले आवेदन पत्र पर कोई कार्यवाही नहीं होने की शिकायत की। वहीं, तहसील क्षेत्र के एक गांव की महिला ने ससुर पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई। रिगवन के ग्रामीणों ने नवनिर्मित सीएचसी को चालू कराने के लिए एक बार जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। जिलाधिकारी ने सभी फरियादियों की समस्याओं का समय से निस्तारण करने भरोसा दिलाया। वहीं, एसपी देवेंद्र नाथ ने कहा कि शिकायतों को पहले स्टेज पर निपटा दिया जाए तो तहसील—थानों पर वादों का बोझ हल्का हो जाएगा। भरोसा दिलाया कि पुलिस का पूरा सहयोग राजस्व कर्मियों को मिलेगा। इस अवसर पर एसडीएम दुष्यंत मौर्य, सीओ, बीएसए शिवनारायण सिंह सहित अन्य जिला सतरीय अधिकारी मौजूद थे।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal