जीआरएमसी पीएमटी फर्जीवाड़ा के संदिग्ध छात्रों की छंटनी शुरू, सीबीआई की एक और चार्जशीट लेने भोपाल जाएगी टीम
ग्वालियर-(जीआरएमसी) गजराराजा मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने सीबीआई द्वारा भेजी गई चार्जशीट में से कोर्ट की अनुमति से पढ़ रहे छात्रों की छंटनी का काम शुरू कर दिया है। इनमें से संदिग्ध छात्रों को कॉलेज से बाहर किया जाएगा। सीबीआई से प्रकरण क्रमांक 449 की चार्जशीट आ गई है, अभी दूसरे प्रकरण क्रमांक 138 की चार्जशीट आना बाकी है। इस चार्जशीट को लेने के लिए जीआरएमसी प्रशासन अपनी टीम सीबीआई के भोपाल स्थित ऑफिस भेजेगा। दोनों चार्जशीट में से उन छात्रों की छंटनी की जाएगी, जिन्हें सीबीआई ने क्लीनचिट दी है और जिन्हें दोषी माना है। यह छंटनी होने के बाद कॉलेज प्रबंधन हाई पावर कमेटी की बैठक बुलाकर आगे की कार्रवाई करेगा।
गजराराजा मेडिकल कॉलेज के पीएमटी फर्जीवाड़े में शामिल 200 छात्रों की चार्जशीट सीबीआई ने कोर्ट में पेश की है। इनमें 68 छात्र वे भी शामिल हैं, जो न्यायालय की अनुमति से पढ़ रहे हैं। 55 छात्रों पर जीआरएमसी प्रशासन पहले ही कॉलेज से निष्कासन की कार्रवाई कर चुका है। इसके अलावा कई छात्र पहले ही पढ़ाई करके जा चुके हैं।
कोर्ट में चार्जशीट पेश करने के बाद कॉलेज प्रबंधन को भी सीबीआई ने इसकी जानकारी दी है। सीबीआई ने करीब डेढ़ दर्जन छात्रों को क्लीनचिट दी है। सीबीआई द्वारा भेजी गई प्रकरण क्रमांक 449 की चार्जशीट में सत्र 2009 को छाेड़कर सत्र 2006 से लेकर 2010 तक के संदिग्ध छात्रों की जानकारी दी गई है। प्रकरण क्रमांक 139 की चार्जशीट में सत्र 2009 के तीन दर्जन से अधिक संदिग्ध छात्र शामिल हैं।
सूत्रों का कहना है कि पीएमटी फर्जीवाड़े के इस मामले की पूरी जांच कर के सीबीआई ने 200 छात्रों का चालान कोर्ट में दिसंबर माह के आखिरी सप्ताह में पेश किया है। वर्तमान में करीब 68 पढ़ रहे हैं। इनमें से 25 छात्र इंटर्नशिप कर रहे हैं। फाइनल और प्री-फाइनल में 18-18 तथा अन्य छात्र प्रथम और द्वितीय प्रोफ के हैं।
जिनका क्लीचिट मिल गई है, वे अगर बाहर किए हैं तो उन्हें वापस प्रवेश दिया जाएगा
प्रभारी डीन डॉ. सरोज कोठारी का कहना है कि सीबीआई के प्रकरण क्रमांक 139 की चार्जशीट आना बाकी है। इसे लेने के लिए कॉलेज की टीम जाएगी। सीबीआई से मिली चार्जशीट में से जीआरएमसी के संदिग्ध छात्रों की छंटनी की जा रही है। छंटनी होने के बाद हाई पावर कमेटी की बैठक बुलाई जाएगी। छंटनी में ऐसे छात्र जिन्हें सीबीआई से क्लीनचिट दे दी है और उन्हें पूर्व में बाहर निकाला जा चुका है, उन्हें पुन: कॉलेज में प्रवेश देने की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जिन छात्रों को सीबीआई ने दोषी पाया है, उन्हें कॉलेज से बाहर निकालने की कार्रवाई की जाएगी।
000000000000000000000
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal