भोपाल
दिल्ली में दिग्विजय ने कहा कि कांग्रेस विधायकों को ले जाने के लिए शिवराज सिंह ने एक 9 और एक 12 सीटर चॉर्टड प्लेन का इंतजाम किया था। लेकिन, अब स्थिति ठीक है सरकार को कोई खतरा नहीं है।
पंचायत मंत्री बोले- कई भाजपा विधायक कांग्रेस के संपर्क में
पंचायत मंत्री कमलेश्वर पटेल ने कहा कि भाजपा के कई विधायक कांग्रेस के संपर्क में हैं। सरकार गिराने का सपना देख रही भाजपा को शायद पता नहीं, उसके विधायक खुद कांग्रेस के संपर्क में हैं। जब भाजपा अपना घर ही नहीं बचा पा रही तो सरकार गिराने की बात दूर की कौड़ी है। कांग्रेस को सरकार गिरने का कोई खतरा ही नहीं है। भाजपा अपने किले को बचाने में नाकाम है, जरूरत पड़ी तो फ्लोर टेस्ट में हम 135 का आंकड़ा भी पार कर सकते हैं।
भिंड से विधायक संजीव सिंह ने कहा कि मैं सरकार के साथ हूं। मुख्यमंत्री कमलनाथ के साथ हूं। मुख्यमंत्री से कभी मंत्री बनाने के लिए नहीं कहा, लेकिन अब कहेंगे कि मंत्री बनाया जाए। चंबल के गोहद से विधायक रणवीर जाटव का मोबाइल बंद है। ज्योतिरादित्य समर्थक मंत्रियों के मुख्यमंत्री से मिलने नहीं गए। इसको लेकर अलग-अलग कयास लगाए जा रहे हैं।
खनिज मंत्री प्रदीप जायसवाल बोले- प्रदेश में सरकार किसी की भी बने, हम उसका समर्थन करेंगे
खनिज मंत्री प्रदीप जायसवाल-कांग्रेस सरकार में खनिज मंत्री प्रदीप जायसवाल ने कहा कि प्रदेश में जब तक कमलनाथ सरकार है, तब तक वह उनके साथ हैं। उसके बाद यदि कोई अन्य सरकार बनती है तो मैं क्षेत्र की जनता के विकास के लिए सरकार के साथ रहूंगा। सरकार किसी की बने, वे उसे समर्थन देंगे। जायसवाल बालाघाट जिले की वारासिवनी विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय विधायक के रूप में चुनाव जीते थे और कांग्रेस सरकार को समर्थन दे रहे हैं।
आईबी और लोकल इंटेलीजेंस की नजर
मध्य प्रदेश में विधायकों की खरीद-फरोख्त का मामला सामने आने के बाद आईबी और लोकल इंटेलीजेंस की टीम भी सक्रिय हो गई है। सभी विधायकों पर नजर रखी जा रही है। इसके साथ ही सभी जिलों के कलेक्टर और एसपी को अपने क्षेत्र के विधायकों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। एडीजी इंटेलिजेंस एसडब्ल्यू नकवी लगातार इसकी मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal