ग्वालियर
मैरिज गार्डन संचालकों को जिला प्रशासन के साथ हुई बैठक में भी कोई राहत नहीं मिली। कलेक्टर ने दो टूक कहा कि 10 हजार वर्ग मीटर, 40 प्रतिशत पार्किंग, परमिशन व सुरक्षा मापदंडों को पूरा किए बिना मैरिज गार्डन नहीं चल पाएंगे। इस सहालग की बुकिंग को लेकर कलेक्टर ने मैरिज गार्डन एसोसिएशन की अपील पर कोर्ट में अर्जेंट हियरिंग का आवेदन लगाने का आश्वासन दिया। जिन गार्डनों में शादियों की बुकिंग हो चुकी है उनके संचालक बुकिंग राशि का डीडी प्रशासन को जमा कराएंगे और यह प्रशासन कोर्ट में पेश करेगा। इसके बाद कोर्ट से राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। वहीं बालभवन में सुबह 11 बजे शिविर का आयोजन किया जाएगा, जिसमें मैरिज गार्डन संचालकों को डायवर्सन शुल्क भरना और ट्रेड लायसेंस लेना होगा। शादियों की बुकिंग करने वालों में इन दिनों हडकंप है।
बैठक में मैरिज गार्डन एसोसिएशन के अध्यक्ष आरपी माहेश्वरी सहित अन्य गार्डन संचालकों ने कहा कि उन्हें प्रशासन की सिम्पैथी चाहिए। नियम सही हैं पर प्रैक्टिकल नहीं हो पाता है। बैठक में निगमायुक्त संदीप माकिन,एसपी नवनीत भसीन, एडीएम किशोर कान्याल, अपर कलेक्टर अनूप सिंह सहित सभी एसडीएम और ट्रैफिक पुलिस अधिकारी भी उपस्थित थे। बैठक के बाद शाम तक किसी भी मैरिज गार्डन संचालक ने बुकिंग राशि का डीडी या चेक जमा नहीं कराया।
यह नियम मानने ही होंगे
– 10 हजार वर्ग मीटर क्षेत्रफल होना ही चाहिए
– 18 मीटर का रोड होना चाहिए
– गार्डन में 40 प्रतिशत पार्किंग स्पेस होना जरूरी
– नगर निगम और टाउन एंड कंट्री प्लानिंग की अनुमति
– राजस्व डायवर्सन जमा होना चाहिए
– संपत्तिकर और जलकर भरा हो
– 40 मीटर का फ्रंट रोड पर होना चाहिए।
चार-पांच मैरिज गार्डन ही 10 हजार वर्गमीटर वाले
बैठक में मैरिज गार्डन एसोसिएशन के अध्यक्ष ने बताया कि शहर में 50 से 60 मैरिज गार्डन ऐसे हैं जो 2012 के बाद बने हैं। चार-पांच मैरिज गार्डन ही ऐसे हैं जिनके पास 10 हजार वर्ग मीटर एरिया है। कलेक्टर ने सभी से नियमों को लेकर अंडरटेकिंग देने को कहा और आगामी बुकिंग बंद है, ऐसा बोर्ड सभी को लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 2012 के बाद 10 हजार वर्ग मीटर क्षेत्र न होने वाला गार्डन नहीं चल पाएगा।
एसपी बोले- आपको क्या चिंता, लगने दो जाम
गार्डन संचालकों के मनमाने रवैए को लेकर एसपी नवनीत भसीन ने कहा कि आपको क्या फर्क पड़ता है कि सड़क पर जाम लगता है। वाहनों को खड़ा करने से, उन्हें क्या चिंता। हम सब नियम और पालन क्यों करते हैं, जिससे जनता को परेशानी न हो। एसपी ने रात में 10 बजकर 30 मिनट के बाद डीजे बजाने को लेकर कहा कि अब सामान जब्त कर लिया जाएगा, किसी भी सूरत में डीजे नहीं बजेगा।
साडा व मुक्त जमीनों पर मैरिज गार्डन बनेंगे
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि साडा की जमीन और एंटी माफिया में मुक्त कराई जमीन पर मैरिज गार्डन खोले जाएंगे। इसमें जमीनों की सुरक्षा भी होगी और रियायती रेट पर आमजन को गार्डन मिलेंगे। इसको लेकर प्लानिंग तैयार की जा रही है।
शिविर आजः11 बजे बालभवन में
नगरनिगम आयुक्त संदीप माकिन ने बताया कि बाल भवन में सुबह 11 बजे से मैरिज गार्डन संचालकों के लिए ट्रेड लायसेंस लेने,संपत्तिकर व जलकर के लिए शिविर लगाया जाएगा। वहीं प्रशासन इसी शिविर में डायवर्सन शुल्क भी जमा कराएगा।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal