ग्वालियर
बहोड़ापुर से जेल रोड तक 100 मीटर के क्षेत्र को और बहोड़ापुर चौराहा को फोर लेन के लिए चौड़ा करने के मसले का रविवार को अंतिम हल निकल आया। यहां क्षेत्रीय लोगों के साथ खाद्य मंत्री प्रघुम्न सिंह तोमर ने निगम,राजस्व और पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के साथ बैठक की और तुड़ाई किए जाने वाले क्षेत्र का पूरा मुआयना किया। बहोड़ापुर चौराहे को फोर लेन के लिए 36 मीटर दोनों ओर तक चौड़ा करने की सहमति बनी थी लेकिन इसके कारण चार से पांच मीटर लोगों के मकान टूट रहे थे। इसी वजह से खुद मंत्री ने अधिकारियों व लोगों के साथ निरीक्षण किया और 36 की बजाए अब 32 मीटर पर सहमति बनी। अब एक से दो मीटर ही टूटने की संभावना है। इस पर लोगों ने भी सहमति दी और कहा कि कार्रवाई में पूरा सहयोग करेंगे। अब जल्द प्रशासन नपाई कराएगा और फिर कार्रवाई होगी।
ज्ञात रहे कि बहोडापुर से जेल रोड तक के 100 मीटर क्षेत्र में 45 से ज्यादा ऐसे पक्के निर्माण हैं जिन्हें अतिक्रमण बतौर हटाया जाना है। इसको लेकर 17 नवंबर को जिल प्रशासन और नगर निगम की टीम ने ज्वाइंट सर्वे किया था और बहोड़ापुर से जेल रोड तक 45 निर्माणों पर चिन्ह लगाए थे। । इससे पहले एसडीएम प्रदीप सिंह तोमर की ओर से मकान मालिकों को नोटिस जारी कर दस्तावेग मांगे गए थे। सडक के दोनों ओर ऐसी संपत्तियों पर निशान लगाए गए थे जो कि बिल्डिंग लाइन से अलग दिख रहे हैं। इस निशान लगाने की कार्रवाई में यह स्पष्ट हुआ कि जो अतिक्रमण हटेंगे उसमें कोई एक,दो तो कोई पांच मीटर तक टूटेगा।
अब नपाई होगी,तब सटीक स्थिति आएगी सामने
आरआई संजय अगरैया ने बताया कि रविवार को 32 मीटर पर सहमति बनी है। अब निगम,राजस्व और पीडब्ल्यूडी के टीम दोबारा ज्वाइंट सर्वे करेगी। अब यह भी संभव है कि पहले जो चार से पांच मीटर तक तुड़ाई हो रही थी वह एक या दो मीटर तक रह जाए। बहोड़ापुर चौराहे पर फोरलेन के लिए तो 24 मीटर जगह चाहिए लेकिन चौराहा व्यस्ततम है तो यहां 36 मीटर मार्क किया गया था जो अब 32 किया गया है।
क्यों हुआ था विरोध
इस मामले में नपाई के बाद क्षेत्रीय दुकानदारों व निवासियों ने विरोध शुरू कर दिया था। वहीं कांग्रेस नेता सत्येंद्र शर्मा ने दो दिवसीय धरना भी दिया था। सभी का तर्क यह था कि नाले को आधार मानकर नपाई कर दी गई है जो गलत है। इसमें दोबारा सर्वे किया जाए। धरने को जिला प्रशासन ने आश्वासन देकर खत्म कराया था।
क्या होगा फायदा
पुरानी छावनी से जेल रोड को जो चौड़ा किया जा रहा है इसमें बहोडापुर चौराहे पर सबसे ज्यादा ट्रैफिक लोड को राहत होगी। अभी मौजूदा स्थिति में चौराहे पर गडढे और हर रोज जाम की स्थिति रहती है। रोटरी बनने के बाद ट्रैफिक मूवमेंट बनेगा और स्थिति सुधरेगी।
32 मीटर पर बनी सहमति
रविवार को बहोड़ापुर से जेल रोड चौड़ीकरण के मामले में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री के समक्ष स्थानीय लोगों से चर्चा हुई और मुआयना भी किया गया। 36 मीटर की बजाए 32 मीटर पर सहमति बनी है। अब दोबारा नपाई की जाएगी।
प्रदीप तोमर,एसडीएम,ग्वालियर सिटी
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal