ग्वालियर-
स्टेट जीएसटी (गुडस एंड सर्विसेस टैक्स) की एंटी इवेजन टीम ने हाइवे पर चेकिंग के तौर-तरीके में पुलिसिया अंदाज को भी पार कर दिया है। गार्ड, डंडे और प्राइवेट आदमी और यहां अफसर खुद कार में दूर बैठे हुए हैं। हाइवे पर यही कार्रवाई का सिस्टम इन दिनों स्टेट जीएसटी ने अपना रखा है। शहर से सटे हाइवे से निकलने वाले ट्रकों को स्टेट जीएसटी के गार्ड और प्राइवेट आदमी न केवल डंडे फटकारकर रोकते हैं बल्कि कागजात भी चेक कर रहे हैं। गार्ड तो गार्ड प्राइवेट आदमी भी इसी काम में लगे हैं। टैक्स चोरी, ई-वे बिल या दूसरी कोई अनियमितता हो तो गार्ड कैसे चेक कर सकते हैं, क्योंकि गार्ड व प्राइवेट आदमी कुछ ट्रकों को कागज देखने के बाद जाने भी दे रहे थे। इस बारे में खुद विभाग का कहना है कि सहयोग के लिए गार्ड हो सकते हैं लेकिन चेकिंग करना, इसकी जानकारी नहीं है।
ज्ञात रहे कि स्टेट जीएसटी की एंटी इवेजन ब्यूरो की टीम भारी माल वाहनों ट्रक आदि की हाइवे पर ज्यादातर चेकिंग करती है। एंटी इवेजन की टीम वरिष्ठ स्तर से मिले इंटेलिजेंस इनपुट के आधार पर भी कार्रवाई करती है और रूटीन तौर पर भी ट्रकों को चेक किया जाता है। शहर से सटे हाइवे पर एंटी इवेजन की टीमें सड़क किनारे या तिराहे पर विशेषकर ट्रकों को चेक करती हैं जिसमें पुलिस फोर्स भी साथ लिया जाता है।
ऐसे हो रही चेकिंगः हाइवे पर डंडा
आमतौर पर पुलिस की चेकिंग में डंडा और जोर जबरजस्ती देखना आम बात है लेकिन यहां जीएसटी की टीम भी अब इसी पैटर्न पर पहुंच रही है। नए बायपास के खत्म होते ही अडुपुरा तिराहे पर यह स्थिति थी कि दो तरफ से स्टेट जीएसटी के वर्दीधारी गार्ड हाथ में मोटे-मोटे पाइप डंडे लिए हुए खड़े थे और ट्रक आते ही सामने आकर चिल्लाते हुए रोक रहे थे। जिन ट्रकों की रफ्तार धीमी ज्यादा नहीं हो रही थी उन्हें ज्यादा गरियाया जा रहा था। गार्डों के साथ-साथ प्राइवेट लड़के भी थे जो गार्डों की तरह ट्रक रूकवा रहे थे। तिराहे पर एक तरफ गाड़ी में एंटी इवेजन के अफसर बैठे हुए थे।
यहां 2 सवालः जिम्मेदार कौन
1-वसूली हो रही तो कौन देख रहा?
एंटी इवेजन के अफसर तो गाड़ी में बैठे हैं और गार्ड व प्राइवेट आदमी ट्रकों को रोक रोक कर कागजात चेक कर रहे हैं। ऐसे में वे अगर वसूली भी कर रहे हों तो कौन देखने वाला है। अफसर और ट्रकों में इतनी दूरी है कि यह नहीं स्पष्ट देखा जा सकता है कि गार्ड क्या कर रहे हैं।
2-गार्ड-प्राइवेट आदमी क्या चेक करेंगे?
गार्ड और प्राइवेट आदमी टैक्स चोरी, ई-वे बिल सहित अन्य दस्तावेजों को क्या चेक कर पाएंगे,जबकि यहां आसानी से गार्ड कागजों को चेक भी कर रहे और छोड़ कैसे रहे यह विभाग ही जाने।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal