
– *डीएम-एसपी ने चितबड़ागांव थाने पर सुनी जनसमस्या*
– *कुल आए छह मामलों ने दो का मौके पर निस्तारण कराया*
बलिया: जिलाधिकारी श्रीहरि प्रताप शाही ने शनिवार को पुलिस अधीक्षक देवेंद्र नाथ के साथ चितबड़ागांव थाने पर थाना समाधान दिवस में आए फरियादियों की समस्याएं सुनी। इस मौके पर कुल 6 शिकायतें आयीं, जिनमें दो का मौके पर निस्तारण कर दिया गया। बाकी चार मामलों के सम्बंध में डीएम श्री शाही ने निर्देश दिया कि पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम मौका मुआयना कर मामले को निस्तारित कर दें। इस बात का विशेष ख्याल रहे कि निस्तारण समयान्तर्गत हो और उसकी गुणवत्ता ऐसी हो कि शिकायतकर्ता पूरी तरह सन्तुष्ट हो जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि किसी भी प्रकार के विवाद में सही-सही रिपोर्ट लगाई जाए। रैंडम आधार पर इसकी चेकिंग होगी और अगर किसी भी लेखपाल-कानूनगो या पुलिस विभाग की कोई रिपोर्ट गलत मिली तो कड़ी कार्रवाई भी होगी। उन्होंने कहा कि थाना क्षेत्र के भूमि विवाद या छोटे-मोटे मामलों का निपटारा थाने स्तर पर ही कर दिया जाए, ताकि लोगों को तहसील या जिला मुख्यालय पर दौड़ भाग करने से निजात मिल सके। एसपी देवेंद्र नाथ ने कहा कि थाने पर आने वाले फरियादियों को शालीनता से सुनें और उन्हें न्याय दिलाएं। किसी भी शिकायत का निस्तारण समयान्तर्गत कर लिया जाए। इस दौरान सीओ सदर, एसओ चितबड़ागांव व थाना क्षेत्र के सम्बन्धित लेखपाल मौजूद थे।
—
इनसेट
——–
*डिप्टी सीएम के संभावित कार्यक्रम स्थल का लिया जायजा*
बलिया: चितबड़ागांव के महरेव में डिप्टी सीएम केशव मौर्य के संभावित कार्यक्रम को देखते हुए डीएम श्रीहरि प्रताप शाही और पुलिस अधीक्षक देवेंद्र नाथ ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने आयोजक से बातचीत की और पूरी तरह दुरुस्त व्यवस्था हो, इस पर चर्चा की। वहां भ्रमण कर हेलीपैड व कार्यक्रम स्थल का चयन व अन्य महत्वपूर्ण तैयारियों के संबंध में बातचीत की।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal