ग्वालियर-
श्योपुरशहर की सड़कों पर खुले घूम रहे आवारा मवेशी रात के अंधेरे में लोगों की जान भी ले रहे हैं। रात में भी आवारा मवेशी के कारण एक हादसा हो गया जिसमें मां-बेटी की मौत हो गई। कोटा में अपने बीमार परिजन का हाल पूछकर लौट रहे परिवार की कार श्योपुर के खातौली तिराहा पैट्रोल पंप के सामने अंधेरे में सड़क से नीचे उतरकर पलट गई।
हादसे में एक माह की अबोध बच्ची की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि मां ने गंभीर अवस्था में अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। हादसे के बाद दुर्घटनाग्रस्त कार का गेट नहीं खुलने के कारण उसमें सवार चारों लोग काफी देर तक फंसे रहे। इसमें कार चला रहे पति व एक अन्य युवती भी घायल हुई है। जिला अस्पताल में रविवार को पोस्टमार्टम के बाद मां- बेटी के शव को लेकर परिवार अपने गृहनगर हरियाणा के फतेहाबाद के लिए रवाना हो गया।
जानकारी के अनुसार सुरेंद्र सिंह शहर के साहेबपुर में बिजली ट्रांसफार्मर कंपनी के संचालक हैं। शहर के वार्ड 9 बायपास रोड पर शुभम कॉम्पलेक्स में उनका मकान है। शनिवार को वह अपनी पत्नी रविंद्र कौर, एक माह बेटी सुखमन प्रीत और जागदा निवासी भारती पुत्री रामजीलाल शर्मा के साथ कोटा के एक निजी अस्पताल में भर्ती रिश्तेदार का हालचाल पूछने गए थे। वे शनिवार की रात जब अपने घर पर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार खातौली तिराहा स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के सामने पहुंची तभी उनकी कार के सामने अचानक मवेशी आ गए। । जिससे बचाने के प्रयास में कार सड़क से नीचे उतर गई और तीन बार पलटा खाते हुए सड़क से 15 फीट दूर जाकर खड़ी हो गई।
सात मिनट में मौके पर पहुंची पुलिस ने खिड़की का कांच तोड़कर निकाला
हादसे के बाद क्षतिग्रस्त कार का गेट नहीं खुलने के कारण उसमें सवार चारों लोग फंस गए। यहां गुजर रहे लोगों ने 200 मीटर दूर खातौली तिराहे पर तैनात पुलिस की डायल 100 वैन को सूचना दी। पुलिस की टीम 7 मिनट में मौके पर पहुंच गई। कार की खिड़की का कांच तोड़कर उसमें फंसे लोगों को जिस वक्त बाहर निकाला तब तक एक माह की सुखमन प्रीत की सांसें थम चुकी थी।
कार की चपेट में आने से बच्ची का बायां पैर भी शरीर से कट गया था। सभी घायलों को जिला अस्पताल में लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने एक माह की सुखमन प्रीत को देखते ही मृत घोषित कर दिया गया। जबकि गंभीर रूप से घायल रविंद्र कौर को कोटा के लिए रैफर कर दिया, लेकिन कोटा पहुंचने से पहले ही रविंद्र ने भी रास्ते में दम तोड़ दिया।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal