ग्वालियर
डबराशहर के ठाकुर बाबा रोड पर जा रही एक बारात में से कुछ लोगों ने फायर कर दिया,जिससे निकली गोली बारात के पास से निकल रही एक बाइक सवार को जा लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। राहगीर उसे लेकर तुरंत सिविल अस्पताल पहुचें,जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे इलाज के लिए ग्वालियर रैफर कर दिया गया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगाले मामले की जांच जारी
पुलिस इस मामले में अब अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच कर गोली चलाने वाले का पता करने में जुटी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार शहर के जंगीपुरा निवासी अरबाज पुत्र नजीम बेग अपनी मां के साथ बाइक से ठाकुर बाबा रोड स्थित राम वाटिका में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था,वह ठाकुर बाबा रोड पर ही शांति गार्डन के पास पहुंचा ही था कि वहां से राम वाटिका में ही जा रही बारात में कुछ लोगों ने गोली चला दी, वह गोली अरबाज के बांई तरफ पेट में जा लगी और वह घायल होकर वहीं गिर गया। राहगीर उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे जहां से उसे प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रैफर कर दिया। पुलिस अब अरबाज की मां की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी का पता लगाने में जुटी है।
बारातियों से की पूछताछ
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस जब पहुंची तब तक बारात मैरिज गार्डन तक पहुंच चुकी थी। पुलिस ने बारातियों और गार्डन में पहुंचकर पूछताछ की, लेकिन वहां कोई सफलता नहीं मिली। उसके बाद पुलिस ने ठाकुर बाबा रोड पर लगे कुछ सीसीटीवी कैमरों को खंगाला, जिनसे पुलिस को कुछ सुराग मिले हैं और जल्द ही आरोपी को चिह्नित करने की बात कह रही है। पुलिस द्वारा गोली 12 बोर के कट्टे से चलाना बताई जा रही है।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal