ग्वालियर
त्योहार के चलते बाजार में बढ़ती भीड़ में सुरक्षा का जायजा लेने के लिए एसपी नवनीत भसीन शाम को चेकिंग पर निकले। जैसे ही वह मुरार से गुजरे तो यहां चेकिंग पॉइंट पर एक सिपाही फोन पर हंस-हंसकर अपने दोस्त से बतियाता मिल गया। एसपी ने गाड़ी उसके पास रुकवाई और पूछा तो सिपाही झूठ बोलने लगा कि उसकी पत्नी की तबीयत खराब है। जब उसका मोबाइल देखा तो दोस्त का नंबर निकला। एसपी ने उसकी फटकार लगाई और उसे निलंबित कर दिया।
एसपी नवनीत भसीन ने बाजारों में अतिरिक्त फोर्स तैनात किया है। फोर्स को चेकिंग पॉइंट पर रवाना करने के बाद एसपी खुद जायजा लेने निकले। सबसे पहले मुरार के सात नंबर चौराहे पर पहुंचे। यहां मुरार थाने का सिपाही रामजी यादव फोन पर बात कर रहा था। एसपी चेकिंग पॉइंट पर पहुंच गए और दस मिनट तक उसे देखा। फिर भी उसकी नजर नहीं पड़ी। इसके बाद गाड़ी से उतरकर उन्होंने फटकार लगाई तो बोला कि पत्नी से बात करने का बहाना बनाया। जब मोबाइल देखा तो नंबर दोस्त का निकला। उसे तुरंत निलंबित कर दिया। इसके बाद थाटीपुर चौराहा पहुंचे। यहां चौराहे पर किनारे खड़े स्टाफ को बोला कि सड़क के दोनों तरफ मौजूद रहें।
एसपी बोले- चेकिंग पॉइंट पर सौम्य रखें व्यवहार
पुलिस कंट्रोल रूम में एसपी नवनीत भसीन ने अतिरिक्त फोर्स की ब्रीफिंग की। एसपी ने कहा कि आने वाले दिनों में बाजार में भीड़ बढ़ेगी, ऐसे में पूरा फोकस सुरक्षा व्यवस्था पर रखें। चेकिंग पॉइंट पर वाहन चालकों से सौम्य व्यवहार रखें, संदेहियों पर निगाह रखें। जो मुंह पर कपड़ा बांधे जा रहे हैं, जो संदिग्ध दिखाई दे या बिना नंबर के वाहन से निकल रहा हो उसे तुरंत पकड़ें। महिला, बुजुर्गों को कतई परेशान न करें। चेकिंग पॉइंट पर यातायात नियम का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई करना है तो भी बातचीत पर विशेष ध्यान दें। जिससे पुलिस की छवि सुधर सके। मोबाइल का उपयोग चेकिंग पॉइंट पर पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। अगर कोई भी फोन पर बात करता या इंटरनेट चलाता मिला तो कार्रवाई होगी।
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal