ग्वालियर-
शिवपुरी के नजदीक सिंहनिवास गांव की सरकारी स्कूल की कक्षा दसवीं की छात्रा रीना रावत को संभाग स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के कुछ घंटे पहले सांप ने डस लिया। परिजन तत्काल उसे लेकर दौड़े और गांव में ही उपचार शुरू किया गया। आठ घंटे बाद छात्रा को होश आया। होश आने के बाद वह बेहद डरी हुई थी। लेकिन जैसे ही उसे याद आया कि सुबह उसे लंबी कूद प्रतियोगिता में भाग लेना है तो उसने फिर खुद को संभाला।



परिवार के रोकने के बावजूद सुबह रीना जिला खेल परिसर शिवपुरी पहुंच गई और यहां आठ जिलों की संभाग स्तरीय शालेय लंबी कूद प्रतिस्पर्धा में 3.56 मीटर की छलांग लगाकर संभाग में पहला स्थान पाया। इसी के साथ रीना का चयन राज्य शालेय खेलकूद प्रतियोगिता में हो गया। बता दें कि ग्वालियर व चंबल की संभागीय शालेय खेलकूद प्रतियोगिता शिवपुरी जिला मुख्यालय के खेल परिसर में आयोजित कराई गई।
पैर में सूजन थी, फिर भी स्टेडियम पहुंची
छात्रा रीना रावत ने प्रेस को बताया कि बुधवार शाम 4.30 बजे स्कूल से लाैटी। राेज की तरह गाय काे घास देने के लिए उठाने गई ताे सांप ने काट लिया। करीब दो फीट लंबे काले सांप को देखकर मेरी चीख निकल गई। घरवाले दौड़े-दौड़े आए। मैंने बताया कि मुझे सांप ने डस लिया है। इसके बाद मुझे चक्कर आने लगे और होश नहीं रहा। घर वाले इलाज के लिए ले गए। रात 12.30 बजे मुझे होश आया। मुझे रात को ही याद आया कि सुबह तो मेरी प्रतियोगिता है। हिम्मत कर शिवपुरी पहुंच गई। आखिर मेरी मेहनत सफल हुई।
loading...
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal