ग्वालियर।
नगर निगम ने नियमों को ताक पर रख शहर से सटी चिरवाई रोड पर 75 बीघा से ज्यादा जमीन पर कॉलोनी बसाने की अनुमति दे दी। पिछले 6 साल में टाउन एंड कन्ट्री प्लानिंग और नगर निगम कार्यालय में फाइलें घूमती रहीं। इस दौरान न केवल आपत्तियां लगी बल्कि कॉलोनाइजर को नोटिस भी थमाए गए। एक माह पहले यह मामला तब पकड़ा जब रीएल एस्टेट रेग्युलरिटी अथॉरिटी(रेरा) की आपत्ति के बाद कॉलोनाइजर ने टाउन एंड कन्ट्री प्लानिंग विभाग से अनापत्ति के लिए आवेदन किया। आरटीआई कार्यकर्ता राकेश सिंह कुशवाह ने जानकारी मांगी तब पर्तें खुलना शुरू हुईं। इस पूरे मामले से निगमायुक्त संदीप माकिन अनजान हैं। उन्होंने जांच की बात कही है।

सात साल पहले चली फाइल
सक्कर कॉलोनी नई सड़क निवासी धनराज जेठवानी पुत्र लेखराज जेठवानी ने गु़ढ़ी गुढ़ा का नाका से आगे चिरवाई रोड पर सर्वे क्रमांक 11 से 15 तक कुल 124673 वर्गमीटर की जमीन पर कॉलोनी बसाने के लिए टाउन एंड कन्ट्री प्लानिंग विभाग को 1 अगस्त 2012 को आवेदन किया था। विभाग ने मप्र नगर तथा ग्राम निवेश अधिनियम 1973 की धारा 30 एवं मप्र भूमि विकास नियम 1984 के नियम 2(5)(क) एवं 27(1) तथा ग्वालियर विकास योजना 2005 के तहत मार्च 2013 में विकास अनुज्ञा जारी की थी।
भवन अधिकारी और भवन निरीक्षक ने दे दी अनुमति
टाउन एंड कन्ट्री प्लानिंग विभाग ने नियमों के तहत तीन से साल के लिए अनुज्ञा दी थी। यह मार्च 2016 तक ही प्रभावी थी। इसी अवधि में नगर निगम को विकास की अनुमति देना थी। लेकिन तत्कालीन भवन अधिकारी महेन्द्र अग्रवाल और भवन निरीक्षक वीरेन्द्र शाक्य ने 24 मई 2018 को अनुमति जारी की। आदेश भी गोलमोल जारी किया। इसमें यह उल्लेख भी नहीं किया कि कॉलोनाइजर ने निगम में कब आवेदन किया। छह माह पहले तत्कालीन सिटी प्लानर ज्ञानेन्द्र सिंह जादौन के संज्ञान में भी यह मामला आया तो उन्होंने कॉलोनाइजर को नोटिस दिया। इससे जबाव आता उससे पहले ही उन्हें पद से हटा दिया गया।
इनका कहना है
अनुमति मेरे समय में नहीं दी गई। कॉलोनी डवलप करने की अनुमति देने में नियमों का पालन किया जाना चाहिए। इस मामले की फाइल मंगवाकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
संदीप माकिन, निगमायुक्त
-नहीं दे सकते अनुमति
हमने 2013 में धनराज जेठवानी व अन्य को 124673 वर्गमीटर जमीन पर कॉलोनी विकास की अनुज्ञा जारी की थी। कॉलोनाइनजर ने नियमों के तहत काम नहीं किया। इसलिए अनुमति निरस्त कर दी। इसके बाद भी नगर निगम प्रशासन ने नियमों के विपरीत विकास की अनुमति दे दी।
वीके शर्मा, संयुक्त संचालक टाउन एंड कन्ट्री प्लानिंग विभाग
लोकायुक्त जाएगा मामला
चिरवाई रोड पर नियमों को ताक पर रख नगर निगम ने कॉलोनी बसाने की अनुमति जारी की है। सारे तथ्य जुटा लिए हैं। यह मामला अब लोकायुक्त में भेजा जाएगा जिससे भविष्य में अधिकारी मनमानी न कर सकें।
राकेश सिंह कुशवाह, आरटीआई कार्यकर्ता
-थमाया था नोटिस
नियमों के विपरीत जाकर अनुमति देने का मामला सामने आने पर मैंने कॉलोनाइजर को नोटिस दिया था। मेरे समय में कॉलोनाइनजर ने जबाव नहीं दिया था।
ज्ञानेन्द्र सिंह जादौन, पूर्व सिटी प्लानर ननि
-करेंगे कार्रवाई
कॉलोनी की मंजूरी देने का मामला अभी मेरे संज्ञान में नहीं आया है। इस मामले की फाइल देखेंगे। यदि गड़बड़ी मिली तो संबंधित के खिलाफ उचित कार्रवाई का प्रस्ताव भेजेंगे।
प्रदीप वर्मा, सिटी प्लानर ननि
loading...
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal