ग्वालियर- अंचलभर में बदनामी झेल रहे ग्वालियर के जिला प्रशासन ने पहली दफा बड़ी कार्रवाई की। एक्शन मोड में आए जिला प्रशासन ने सुबह 6 बजे से लेकर रात 8 बजे तक कार्रवाई की। कलेक्टर अनुराग चौधरी ने दो टूक कह भी दिया है कि अब ग्वालियर में मिलावटखोर और गड़बड़ी करने वाले रोएंगे।

सुबह सुबह दूध के चिलर से शुरू हुई सैंपलिंग की कार्रवाई मुरार, गोला का मंदिर, महाराजपुरा तक हुई। मोहना में सिंथेटिक दूध के संदेह में दूध फैक्ट्री पर छापा मारा गया और मालिक सहित पूरा स्टाफ फरार हो गया। सैंपलिंग कर फैक्ट्री को सील कर दिया गया। पास में ही बर्फ फैक्ट्री पर भी छापा मारा जहां गंदे पानी से बर्फ बनाई जा रही थी। झांसी रोड एसडीएम ने झांसी रोड पर एक्सपायर्ड कोल्डड्रिंक का जखीरा पकड़ा और नष्ट कराया। वहीं तीन मैरिज गार्डनों को पर्याप्त पार्किंग एरिया न होने पर सील कर दिया गया। उधर ग्वालियर सिटी एसडीएम ने आनंद नगर क्षेत्र से 20 डंपर अवैध रेत पकड़ा।
ज्ञात रहे कि अंचल में मिलावटखोरों की बढ़ती सक्रियता के कारण लगातार प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान खड़े हो रहे थे। यहां तक की पिछली कार्रवाई में मिलावटखोरों पर जुर्माना और वसूली न करने से फूड सेफ्टी ऑफिसर और न्याय निर्णयन अधिकारी कठघरे में आ गए हैं। लहार में नकली दूध की फैक्ट्री पकड़े जाने और सप्लाई अंचलभर में होने के खुलासे के बाद से प्रशासन का एक्टिव मोड नहीं दिखा,पहली बार प्रशासन ने सुबह से ही शहर से लेकर देहात तक ताबड़तोड़ कार्रवाई की है।
ताबड़तोड़ कार्रवाई – सुबह से शाम तक
सैंपलिंग
1- चिलर सैंपल- एसडीएम घाटीगांव दीपशिखा भगत के इनपुट पर फूड सेफ्टी टीम ने विक्की फैक्ट्री पर सुबह 6 बजे चिलर को रोक लिया। यह शिवपुरी की ओर जा रहा था और इसमें सिंथेटिक दूध की आशंका है। फूड ऑफिसर सतीश शर्मा की टीम ने सैंपल लिए।
2- मुरार एसडीएम पुष्पा पुषाम ने बालाजी डेयरी गोला का मंदिर से दूध के सैंपल कलेक्ट कराए।
3- मां दुर्गा डेयरी भिंड रोड से घी के सैंपल लिए गए।
4- महाराजपुरा स्थित डांग गुठीना के पास दीनदयाल फूड प्रोडक्टस प्रायवेट लिमिटेड से घी और दूध पाउडर के सैंपल लिए गए। यह बड़ी डेयरी प्रोडक्टस की यूनिट है जिनकी सप्लाई दूर दूर तक जाती है।
5- जडेरूआ में एसडीएम पुष्पा पुषाम फूड सेफ्टी टीम के साथ पहुंची जहां घर में ही पनीर का कारोबार किया जा रहा था, यहां पनीर प्राथमिक दृष्टया तो ठीक दिखा लेकिन सैंपलिंग कराई गई है।
मिलावटी दूध-मावा पर कार्रवाई करने कलेक्टर ने टीम गठित की
मोहना में दूध फैक्ट्री – तेल,सफेद पेस्ट मिला, सब भागे, फ्रीजर पर थे ताले
मोहना में उम्मेद सिंह की रघु डेयरी नाम से दूध फैक्ट्री का सेटअप पकड़ा गया। मौके से मालिक उम्मेद सिंह व स्टाफ भाग गया था। एसडीएम घाटीगांव दीपशिखा भगत को यहां सिंथेटिक दूध बनाए जाने की सूचना मिली थी। यहां एसडीएम व फूड ऑफिसरों ने छापामारा तो तीन हजार लीटर दूध का स्टॉक मिला। पहली ही फुर्सत में इसकी सैंपलिंग कराई गई। यहां फ्रीजर में ताले लगे मिले जिन्हें गुरूवार को खोला जाएगा। यहां तेल,सफेद पेस्ट, वेस्ट मटेरियल मिला। अंदर यह सब और पूरा सेटअप देखकर अधिकारी समझ गए थे कि दूध नकली ही बनाया जा रहा होगा। पूरी फैक्ट्री को सील कर दिया गया और गुरूवार को शेष कार्रवाई होगी।
सिंथेटिक दूध से बनीं सामग्री को काउंट करने में अफसरों को 5 घंटे लग गए
बर्फ फैक्ट्री – गंदे पानी से बर्फ बनाते मिले, भागे
मोहना में ही रघु डेयरी के पास ही उम्मेद सिंह की मिलीभगत से बर्फ फैक्ट्री चलाई जा रही थी जहां स्टाफ भाग चुका था। एसडीएम घाटीगांव दीपशिखा भगत ने बताया कि यहां खराब पानी से ही बर्फ बनाई जा रही थी। बर्फ फैक्ट्री से सैंपलिंग कराई गई है।
कोल्डड्रिंक – 10 हजार से ज्यादा बोतलें विनिष्ट, एक्सपायर्ड मिला स्टॉक
झांसी रोड थाने के आगे ही प्रखर एजेंसी के गोदाम पर एसडीएम झांसी रोड अनिल बनवारिया ने फूड टीम के साथ छापामार कार्रवाई की। मौके पर 10 हजार से ज्यादा कांच की कोका कोला कंपनी की कोल्डड्रिंक एक साल पुरानी पाईं गईं जो एक्सपायर्ड हो चुकीं थीं। इसके अलावा बिना डेट की आधा और एक लीटर की बोतलें भी मिलीं। पैक्ड एक्सपायर्ड पानी की बोतलें भी मिलीं और माजा भी मिली। कोका कोला के डिस्ट्रीब्यूटर मनोज गुप्ता ने सफाई में एसडीएम से कहा कि यह कंपनी का स्टॉक है जो वापस भेजा जाना है। डिस्ट्रीब्यूटर बार बार मोबाइल पर बात कराने की जिद करता रहा। इसके बाद फूड टीम ने कांच की बोतलों को खुलवाकर कोल्डड्रिंक विनिष्ट कराना शुरू किया जो कार्रवाई रात तक चली।
मैरिज गार्डन – 40 प्रतिशत नहीं थी पार्किंग, 3 सील्ड
एसडीएम झांसी रोड अनिल बनवारिया ने बुधवार को तीन मैरिज गार्डन भी सील्ड कर दिए। तीनों ही मैरिज गार्डन के पास कोर्ट की गाइडलाइन के अनुसार 40 प्रतिशत पार्किंग एरिया नहीं निकला। चौहान प्याउ स्थित भगवती मैरिज गार्डन, सुरेश नगर स्थित सार्थक मैरिज गार्डन और सचिन तेंदुलकर मार्ग स्थित जनकपुरी मैरिज गार्डन को सील किया गया। यह तीनों 20 से 30 प्रतिशत ही पार्किंग एरिया रखे हुए थे।
20 डंपर रेत जब्त – एसडीएम ने खदेड़े गुर्जर, फिर लौटे नहीं
ग्वालियर सिटी एसडीएम प्रदीप तोमर ने आनंद नगर एरिया में पांच ठिकानों से कुल 20 डंपर रेत जब्त कराया। यहां कार्रवाई शुरू होने से पहले कुछ गुर्जर आ गए और कहने लगे कैसे उठा सकते हो,हम नहीं उठाने देंगे। इसके बाद एसडीएम ने सख्ती दिखाई और फोर्स से खदेड़वा दिया तो कोई भी मौके पर नहीं आया। यहां स्थानीय लोगों ने कलेक्टर से शिकायत की थी कि रेत माफिया प्लॉटों व सड़कों पर अवैध रेत का भंडारण करते हैं और दादागिरी दिखाते हैं। एसडीएम प्रदीप तोमर,तहसीलदार सूर्यकांत त्रिपाठी व फोर्स ने सुबह से शाम तक कार्रवाई कराकर रेत जब्त कराया।
loading...
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal