ग्वालियर-
रेलवे ट्रैक पर रात 3 बजे एक युवक बेहोशी की हालत में मिला। उसके शरीर पर चोट के निशान हैं। युवक को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया तो सुबह उसे होश आया। उसने अपने दोस्तों पर मारपीट कर रेलवे ट्रैक पर फेंकने का आरोप लगाया है। वहीं उसके परिजनों का कहना है कि वह मानसिक रूप से बीमार है, इसलिए ऐसी बात कर रहा है। फिलहाल पुलिस उसके ठीक होने का इंतजार कर रही है। जिन तीन दोस्तों पर उसने मारपीट का आरोप लगाया है, उन्हें भी पुलिस ने बुलवाया है। घटना बिरलानगर रेलवे स्टेशन के पास की है।
बिरलानगर रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर एक युवक बेहोशी की हालत में पड़ा था। मंगलवार-बुधवार की रात 3 बजे कुछ लोग वहां से गुजरे। उन्होंने रेलवे ट्रैक पर युवक को देखा। इसके बाद पास में मौजूद रेलवे कर्मचारी को बताया। युवक को ट्रैक से हटाया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर हजीरा थाने का स्टाफ आया। युवक को पुलिस ने अपनी ही गाड़ी से जेएएच में भर्ती कराया। सुबह युवक को होश आया। युवक ने अपना नाम नारायण जाटव निवासी भितरवार बताया है। उसने बताया कि वह दिल्ली में नौकरी करता है। उसके साथ उसके गांव का मनोज, सुरेश और एक अन्य भी काम करते हैं। यह लोग रात में दिल्ली से ट्रेन से उतरे। इसके बाद होटल पर खाना खाया। खाना खाने के बाद दोस्तों से उसका झगड़ा हो गया। उसकी मारपीट की और इसी दौरान वह बेहोश हो गया। उसे नहीं पता दोस्त उसे रेलवे ट्रैक पर कब डाल गए। शाम को उसके परिजन अस्पताल पहुंचे। उसके परिजनों ने पुलिस को बताया कि वह दिल्ली में 7 साल पहले नौकरी करता था। इसके बाद वह मानसिक रूप से बीमार हो गया। अब वह ग्वालियर में ही घूमता रहता है। जिन तीन लोगों पर मारपीट का आरोप लगाया है, वह गांव में ही हैं। अब पुलिस यह पता लगा रही है कि परिजन जब तीनों के गांव में होने की बात कह रहे हैं तो वह रेलवे ट्रैक पर कैसे पहुंच गया। उसके शरीर में चोट कैसे लगी। पुलिस को यह भी आशंका है कि हो सकता है वह किसी ट्रेन से गिर गया हो।
loading...
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal