ग्वालियर-
भीषण गर्मी और रात का समय, ऐसे में बिजली गुल तो लोगों का वोल्टेज भी हाई हो गया। आक्रोशित हुए लोगों ने गोल पहाड़िया बिजली घर घेर लिया। क्षेत्रीय विधायक प्रवीण पाठक के पास एक के बाद एक फोन आना शुरू हुए। भोपाल से रात दो बजे ग्वालियर उतरे विधायक सीधे गोल पहाड़िया पावर हाउस पहुंचे। यहां अंधेरे के कारण टॉर्च की रोशनी में लोगों के आक्रोश को देखा, जिन्होंने बिजली गुल और पीले पानी की समस्या रखी। लोगों का आक्रोश देख विधायक प्रवीण पाठक भी अव्यवस्थाओं पर खीझ गए। जनता से सीधे कह दिया कि बिजली कंपनी के अफसरों की बिजली काट दो और निगम अधिकारियों को पीला पानी पिलाओ। विधायक मोतीझील पावर हाउस पहुंचे जहां फॉल्ट के कारण बिजली गुल पता चली और सुबह 5ः15 बजे सप्लाई चालू हुई।
घटनाक्रमःक्यों भड़के थे लोग
मंगलवार रात करीब 11 बजे गोल पहाड़िया से कंपू तक के पूरे क्षेत्र में बिजली गुल हो गई। कुछ देर तो लोग सब्र किए बैठे रहे और फिर भीड़ के रूप में गोल पहाडिया बिजलीघर पहुंचे। भोपाल से ग्वालियर आ रहे विधायक प्रवीण पाठक को भी सूचना फोन पर मिल रहीं थीं। पहले से ही पीला व गंदा पानी और भीषण गर्मी उस पर रात में बिजली गुल के कारण लोगों का गुस्सा फूट पड़ा था। स्टेशन उतरते ही विधायक भी पावर हाउस पहुंचे। विधायक ने बिजली अफसरों व निगम अफसरों को फोन भी किया। यहां से मोतीझील पावर हाउस पहुंचे, जहां पता चला 120 केवी की लाइन पर कुछ गिरने से कंडक्टर टूट गया और 6 फीडर बंद हो गए।
विधायक से सवालः ऐसी नसीहत क्यों दी?

सवालः गोल पहाड़िया क्षेत्र में क्या हुआ था?
विधायकः बिजली गुल होने और पीला पानी आने से लोग परेशान थे। लोग उग्र हो रहे थे, मैंने व्यवस्था संभाली।
सवालः आपने बिजली अफसरों की बिजली काटने और निगम अफसरों को पीला पानी पिलाने की नसीहत क्यों दी?
विधायकः मैं क्या करता, ये नहीं कहता तो क्या कहता, ऐसे काम चलेगा नहीं।
सवालः आपके ऐसे करने से व्यवस्थाएं सुधर गईं क्या?
विधायकः मैंने जनता का आक्रोश शांत किया, रात में बिजली घर गया। अफसर सुधरने को तैयार नहीं हैं।
बिजली काटने पर बोले जीएम – नो कमेंट्स
विधायक द्वारा अफसरों की बिजली काटने की नसीहत पर बिजली कंपनी के जीएम अक्षय खरे से बात की तो वे बोले- नो कमेंट्स। विधायकजी ने क्या कहा, पता नहीं। फॉल्ट के कारण बिजली गई थी, री-स्टोर कर दी गई थी।
loading...
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal