ग्वालियर. पर्यावरण दिवस के एक दिन पहले कलेक्टोरेट में जनसुनवाई में तैनात महिलाएं भी हरे रंग की साड़ी पहनकर ड्यूटी देने पहुंचीं। इस बार भी कलेक्टर ने जनसुनवाई में पहुंचे आवेदकों के लिए चाय-बिस्किट की व्यवस्था की और बच्चों के लिए टॉफी की।

गर्मी से लोग परेशान न हो, इसलिए जनसुनवाई में कुर्सियों की संख्या बढ़ा दी गई हैं। इसमें 200 से ज्यादा आवेदक पहुंचे। इनमें आर्थिक सहायता, जमीन व बावड़ी पर कब्जे, बहू द्वारा परेशान करने तथा अवैध कॉलोनी बसाने की शिकायतें शामिल हैं।
कलेक्टर अनुराग चौधरी ने हाकिम सिंह सहित व तीन आवेदकों को लाइसेंस देने की सिफारिश की। दूसरी तरफ एडीएम ने कहा, जिन 18 के आवेदन हथियार लाइसेंस के लिए मंगलवार को मिले हैं उनकी जांच संबंधित क्षेत्र के एसडीएम करेंगे। वे यह देखेंगे कि आवेदक ने पौधे लगाए भी हैं या नहीं?
मंगलवार को अलापुर के रामजीत सिंह, डबका के हरिसिंह, गोपालपुरा के मुकेश परिहार सहित 18 पर्यावरण प्रेमी कलेक्टोरेट की जनसुनवाई में पहुंचे। इनके एक हाथ में हथियार लाइसेंस के लिए आवेदन था तो एक में पौधों के साथ सेल्फी। सुदर्शन विहार कंपू निवासी हाकिम सिंह भी निलंबित शस्त्र लाइसेंस की बहाली के लिए 11 पौधों के साथ सेल्फी लेकर पहुंचे।
उल्लेखनीय है कि जिले में पौधरोपण बढ़ाने के लिए ही कलेक्टर ने कुछ दिन पहले निर्णय लिया था कि अब जो भी हथियार लाइसेंस लेने आएगा उसे पौधे लगाने के बाद सेल्फी लेकर आना होगा।
loading...
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal