Warning: Trying to access array offset on value of type bool in /home/sites/43a/e/ed29062570/public_html/wp-content/themes/jarida/functions/common-scripts.php on line 150

मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने सुबह इंजीनियर को सस्पेंड किया तो शाम को महापौर ने निगमायुक्त को कटघरे में खड़ा किया

ग्वालियर-
गंदे पानी और अमृत योजना के तहत सीवर तथा पानी की समस्या के समाधान के लिए किए जा रहे कार्यों पर सुबह से शाम तक माहौल गरमाया रहा।
प्रदेश के केबिनेट मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने सुबह वार्ड 32 में निरीक्षण के दौरान गंदे और पीले पानी की शिकायत पर सब इंजीनियर एससी श्रीवास्तव को सस्पेंड करा दिया। शाम को नवनिर्वाचित सांसद व महापौर विवेक शेजवलकर ने निगम मुख्यालय में अमृत योजना की समीक्षा के दौरान निगम प्रशासन को आड़े हाथों ले लिया।
श्रेय के संग्राम में महापौर ने निगमायुक्त संदीप माकिन से कहा कि जो काम मंत्री ने किया, क्या उसे आप नहीं कर सकते थे। आप लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई से क्यों बचते हैं। सीवर, पानी जनता से जुड़े मुद्दे हैं। इनमें लापरवाही तो सहन ही नहीं की जाना चाहिए। मंत्री श्री तोमर कांग्रेस के हैं और महापौर भाजपा के। इस साल के अंत में नगर निगम चुनाव भी होना हैं इसलिए दोनों दलों के जनप्रतिनिधि जनता पर अपनी छाप छोड़ने का प्रयास करेंगे। इसकी शुरूआत हो चुकी है।
सुबह यह रहे नजारे
गंदा व पीला पानी देख भड़क गए मंत्री, अधिकारियों को फटकारा
मंत्री श्री तोमर भोपाल से आते ही 9 बजे वार्ड 32 के मरीमाता महलगांव क्षेत्र में लोगों के बीच पहुंचे। उस समय तक पानी की सप्लाई बंद हो चुकी थी। मंत्री ने पार्वती नाम की महिला से पानी के बारे में पूछा। पार्वती ने बाल्टी में भरा पीला पानी दिखाते हुए कहा कि केवल आधा घंटा के लिए पानी मिलता है। वह भी पीला और बदबूदार। यही शिकायत अगले घर की एक महिला ने मंत्री को बताई। मंत्री के आने की सूचना मिलते ही आसपास से महिलाएं गंदा और पीला पानी लेकर एकत्रित हो गई और मंत्री को खरी खोटी सुनाने लगीं। महिलाओं ने कहा कि न नगर निगम के अधिकारी सुनते हैं न पार्षद। मंत्री ने निगमायुक्त संदीप माकिन, अधीक्षण यंत्री आरएलएस मौर्य तथा कार्यपालन यंत्री आरएन करैया से सवाल किए। अधिकारियों ने बताया कि नूरगंज पानी की टंकी से पानी आता है। इस टंकी से दूसरे क्षेत्र भी जुडे हैं। इसलिए कम समय पानी देना मजबूरी है। वितरण व्यवस्था देख रहे श्री करैया भी संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। मंत्री ने अधिकारियों के कोई तर्क नहीं सुने और क्षेत्र के सब इंजीनियर एसपी श्रीवास्तव को सस्पेंड करने के निर्देश दिए। उन्होंने जनता को भरोसा दिलाया कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों का ट्रांसफर करा दिया जाएगा।
शाम को बैठक में यह रहे नजारे
ठेकेदार मनमानी पर उतारू हैं तो करा दो एफआआईआर
महापौर व सांसद विवेक शेजवलकर ने मंत्री श्री तोमर के निरीक्षण का फीडबैक ले लिया था। शाम को उन्होंने निगम मुख्यालय में अमृत योजना से जुड़े अधिकारियों और ठेकेदारों की बैठक ले ली। एक-एक कर जब उन्होंने सीवर और पानी की समस्या के समाधान के लिए 772 करोड़ की इस योजना की समीक्षा की तो बड़े स्तर पर लापरवाही उजागर हुई। इस योजना के तहत 278 करोड़ की लागत से 43 पानी की टंकियां, एक वाटर ट्रीटमेंट प्लांट बनना हैं और पानी की नई लाइन तथा कुछ स्थानों पर पुरानी लाइनों को बदलना है। कोई काम 30 फीसदी तक हुआ है तो कहीं शुरूआत भी नहीं हुई। पूछताछ में निगमायुक्त श्री माकिन और योजना के नोडल अधिकारी श्री मौर्य ने बताया कि पिछले 2 माह से काम बंद है। काम लेने वाली फर्म आर पुंगलिया प्राइवेट लिमिटेड के कर्ताधर्ता ने पेटी कॉन्ट्रैक्ट पर काम देकर स्वयं आना बंद कर दिया है। यह सुनकर महापौर अचरज में पड़ गए। योजना से जुड़े ठेकेदारों ने बताया कि इस काम का कोई धनी धोरी नहीं है। यह सुनते ही महापौर ने कहा कि अगले सप्ताह ठेकेदार को बुलाओ और न आने पर ठेका निरस्त कर ब्लैक लिस्टेट करते हुए उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाए। निगमायुक्त ने बताया कि काम में देरी के कारण ही फर्म का भुगतान रोक दिया है।
शहरवासी पूछते हैं कब चलेगी नाव
बैठक में कार्यपालन यंत्री आरके शुक्ला ने कहा कि बोट क्लब में नाव चलाने की बात कहते हुए डेढ़ करोड़ खर्च कर जल विहार में 1 एमएलडी क्षमता का सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट लगाया, लेकिन नाव तो अब तक चली नहीं। महापौर ने योजना के प्रभारी शिशिर श्रीवास्तव से पूछा तो पानी ट्रीट होने पर ही सवाल खड़े हो गए। बताया गया कि हर रोज 10 लाख लीटर पानी ट्रीट होना था, लेकिन 4 लाख ही हो रहा है। इस पर श्री शुक्ला व श्री श्रीवास्तव के बीच नोकझोंक की स्थिति बनी तो महापौर के पूछने पर श्रीवास्तव ने बताया कि 15 जून से बैजाताल में नाव संचालन शुरू कर देंगे।
सीवर चैंबर चोक तो कहीं मिलान ही नहीं
अमृत योजना के तहत शहर में सीवर लाइनें बिछाई जा रही हैं और सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट बनाए जा रहे हैं। समीक्षा में योजना के प्रभारी आरके शुक्ला ने महापौर को अब तक हुए कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। महापौर ने कहा कि कई क्षेत्रों में सीवर लाइन के मिलान नहीं हुए हैं तो कई जगह चैंबर ओवरफ्लो हो रहे हैं जिससे गंदा पानी नलों में पहुंच रहा है। श्री शुक्ला ने बताया कि सीवर लाइन साफ करने का ठेका नहीं हुआ है। मुरार की मेन ट्रंक लाइन चोक है। सभापति राकेश माहौर ने भी सीवर की समस्या बताईं। महापौर ने कहा कि योजना के तहत जल्द काम पूरे होने चाहिए जिससे लोगों को लाभ मिले। खुदी सड़कों के रेस्टोरेशन के भी निर्देश दिए।
आक्रोशित हो गए पार्षद पति
वार्ड 52 में स्थित ब्रिगेड की टंकी से वार्ड 47 तथा 50 में पानी सप्लाई का मुद्दा तीन साल से चल रहा है। लेकिन अब तक लाइन ही नहीं बिछ सकी है। वार्ड 50 की भाजपा पार्षद गीता के पति राजेन्द्र दंडौतिया ने यह मुद्दा उठाया तो श्री करैया ने बताया कि लाइन बिछाना शुरू कर दिया है। जानकारी झूठी थी इसलिए श्री दंडौतिया आक्रोशित हो गए। महापौर ने उन्हें शांत करने का प्रयास किया लेकिन श्री दंडौतिया ने कहा कि आपके सामने ही अधिकारी झूठ बोल रहे हैं तो वे बैठकों में चुप रहेंगे। पार्षद धर्मेन्द्र कुशवाह ने कहा कि कई क्षेत्रों में बोरिंग करने, पाइप डालने और बिजली कनेक्शन के बाद कहा जाता है कि उसमें पानी ही नहीं है। यह तो घोर मनमानी है।
loading...

Warning: Undefined array key "tie_hide_share" in /home/sites/43a/e/ed29062570/public_html/wp-content/themes/jarida/single.php on line 65

Warning: Trying to access array offset on value of type null in /home/sites/43a/e/ed29062570/public_html/wp-content/themes/jarida/single.php on line 65
x

Check Also

खेलों के माध्यम से युवाओं को स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन का संदेश

राष्ट्रीय खेल दिवस पर साइकिल रैली एवं अंडर-17 मैत्री क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित बढ़ता कारवां (BK ...