ग्वालियर-
जडेरूआ में रात को हुई फायरिंग में गर्दन व हिप्प में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल जयवीर लौधी को सुबह इलाज के लिये दिल्ली रैफर कर दिया गया है। फायरिंग में एक महिला सहित चार लोग गोली लगने से घायल हुये थे। अन्य तीनों घायलों को पैर में गोली लगी थी। गोला का मंदिर थाना पुलिस ने मनीष यादव सहित पांच युवकों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। रात को हुई फायरिंग से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। शुरुआती जांच के बाद पुलिस का मानना है कि फायरिंग क्षेत्र में वर्चस्व को लेकर हुई है।

जडेरुआ गांव में स्कूल के पास पहले पथराव और उसके बाद गोलियों की आवाज से पूरे क्षेत्र में चीख-पुकार मच गई थी। फायरिंग के बाद लोगों में इतना खौफ है कि इस घटना के संबंध में कुछ भी बोलने को तैयार नही है। बमुश्किल एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि गोलियों चलते ही लोग अपनी जान बचाने के लिये इधर-उधर भागे। एक महिला बच्चे के साथ होने के कारण स्वयं को बचा नही पाई। गीता पाल के पैर में गोली लगी। इसके अलावा रवि बाथम का भी झगड़े से कोई लेना-देना नही था। फायरिंग के समय वहां से गुजरने पर गोली लग गई। मनीष यादव व उनके परिवार के लोगों ने फायरिंग नागेंद्र व जयवीर लौधी को निशाना बनाकर की गई थी। दोनों ही गोली लगने से घायल हैं। जयवीर की हालत रात से ही गंभीर बनी हुई है। हालांकि उसने अचेत होने से गोली मारने वालों के नाम पुलिस को बता दिये हैं। जयवीर को दिल्ली रैफर किया गया है।
हत्या के प्रयास का मामला दर्ज – गोला का मंदिर थाना पुलिस ने देर रात को नागेंद्र व जयवीर को गोली मारने वाले मनीष यादव, दीपक विकास सहित पांच लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। पुलिस को पता चला है कि आरोपी के परिवार के लाइसेंसी पिस्टल भी है। जो कि थाने में जमा हैं। फिर अवैध हथियार आया कहां से? शुरुआती जांच में पुलिस ने माना है कि गोली चलाने का कोई बड़ा कारण सामने नही आया है। तीन दिन पूर्व मनीष व नागेंद्र के बीच मोमोस के ठेले पर विवाद हुआ था। इनके बीच क्षेत्र में वर्चस्व का झगड़ा है।इससे पहले भी जडेरूआ व पिंटो पार्क में वर्चस्व को लेकर गैंगवार हुये हैं। पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में पड़ताल शुरु कर दी है।
loading...
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal