ग्वालियर
मुरार जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड के लिए कतार में लगी परेशान महिलाओं का वीडियो कलेक्टर अनुराग चौधरी के पास पहुंचा। वीडियो देख कलेक्टर समझ गए कि स्वास्थ्य सेवाएं बेहाल हैं।
कलेक्ट्रेट में अंतर विभागीय समन्वय समिति की बैठक में कलेक्टर की नाराजगी सीएमएचओ डॉ. मृदुल सक्सेना और सिविल सर्जन व्हीके गुप्ता पर दिखी। कलेक्टर ने भरी बैठक में कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं कागजों में चल रहीं हैं, व्यवस्थाओं में काफी सुधार की जरूरत है। विभागों की कार्ययोजना के पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन देखने के दौरान उन्होंने कहा कि व्यवस्थाएं प्रजेंटेशन में नहीं प्रैक्टिकली अच्छी होना जरूरी हैं। इसके बाद सीएमएचओ और सिविल सर्जन सहित चार अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि कलेक्ट्रेट परिसर में भी साफ-सफाई, पार्किंग व्यवस्था, काम के लिए आने वाले लोगों के लिए बैठक व्यवस्था, पूछताछ केन्द्र एवं कैंटीन को व्यवस्थित किया जाए। उन्होंने सभी एसडीएम से कहा है कि अपने स्टाफ के सभी सेक्शन का काम निर्धारित करें। कलेक्ट्रेट के आस-पास बड़ा एरिया है यहां वृक्षारोपण करके कैंपस को ग्रीन कैंपस के रूप में विकसित कर सकते हैं। आगामी 3 जून को होने वाली टीएल में सभी अधिकारी इस संबंध में अपना प्रजेंटशन दें। वहीं जो प्रजेंटेशन नहीं दे सके उन्हें दो दिन का समय और दिया गया है।
छात्रावासः एसडीएम करेंगे निरीक्षण
सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग के प्रजेंटशन को देखकर कलेक्टर ने कहा कि छात्रावासों में बच्चों के लिए इस प्रकार का वातावरण तैयार किया जाए जो उनके विकास में सहायक बनें। बच्चों को दिए जाने वाले भोजन में दूध को शामिल किया जाए। छात्रावासों की दीवारों पर महान व्यक्तियों के चित्र एवं संघर्ष कर बड़ी उपलब्धि प्राप्त करने वाले लोगों की प्रेरणादायी कहानियां लगाई जाएं। सभी एसडीएम से भी कहा कि वह अपने अपने क्षेत्र में स्थित छात्रावासों का निरीक्षण करें।
कार्रवाईः नोटिस एवं इंक्रीमेंट रोके
स्वास्थ्यःमुरार जिला अस्पताल में इलाज के लिए आने वाली महिलाओं के लिए सही व्यवस्था न होने पर नाराजगी व्यक्त की। सिविल सर्जन व सीएमएचओ को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं।
खेल अधिकारी बिना सूचना दिए बैठक से अनुपस्थित थे, इसलिए खेल अधिकारी को भी नोटिस दिया जाएगा। नागरिक आपूर्ति निगम के अधिकारी से पूछने पर वह एक पत्र के संबंध में जानकारी नहीं दे पाए। इस पर कलेक्टर ने नोटिस देने के निर्देश दिए हैं।
एमपीआरडीसीःइसी प्रकार एमपीआरडीसी के अधिकारी की दो वेतन वृद्घि रोकने के निर्देश दिए। रतनगढ़ माता मंदिर वाली सडक लंबे समय से पेंडिंग होने पर यह कार्रवाई की।
loading...
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal