ग्वालियर-
हाईकोर्ट की एकल पीठ ने हत्या के प्रयास (धारा 307) के आरोप में जेल में बंद आरोपी को जमानत पर रिहा करने के लिए अनोखी शर्त रखी है। कोर्ट ने आरोपी को आदेश दिया है कि वह जिला अस्पताल मुरार की ओपीडी में आने वाले मरीजों की सुबह 9ः30 बजे से 1 बजे तक सेवा करेगा। साथ ही सीएमएचओ आरोपी से अस्पताल भवन की सफाई का काम भी ले सकते हैं। प्रत्येक सोमवार, मंगलवार व बुधवार को काम करने जाना होगा। यह काम दिसंबर 2019 करना पड़ेगा। सीएमएचओ को उसके आचरण की रिपोर्ट पेश करनी होगी।
चिरपुरा निवासी जितेन्द्र सिंह गुर्जर के खिलाफ बिलौआ थाने में हत्या का प्रयास का केस दर्ज किया गया था। पुलिस ने उसे 14 फरवरी 2019 को गिरफ्तार कर लिया। उसके बाद से जेल में बंद था। जेल से बाहर आने के लिए उसने हाईकोर्ट में जमानत याचिका दायर की। याचिका में तर्क दिया कि उसे झूठा फंसाया गया है। एसडीओपी डबरा ने इस मामले की जांच की और मामला संदिग्ध माना है। फरियादी जो घटना बता रहा है वह हुई नहीं है और उसे गोली भी नहीं लगी है। 24 अप्रैल 2019 को पुलिस चालान पेश कर चुकी है। कोर्ट जो आदेश देगा,उन शर्तों का पालन किया जाएगा। शासन ने उसकी जमानत याचिका का विरोध किया। दोनों पक्षों को सुनने के बाद आरोपी के सामने जमानत के लिए अनोखी शर्त रखी, जिसे आरोपी के अधिवक्ता ने स्वीकार किया। जेल से रिहा होने के बाद आरोपी के अधिवक्ता सीएमएचओ के समक्ष आवेदन पेश करें और कोर्ट के आदेश की जानकारी देंगे। याचिकाकर्ता की ओर से पैरवी अधिवक्ता विशाल त्रिपाठी ने की।
एक अच्छा नागरिक बनाने की कोशिश
– कोर्ट ने कहा कि अगर कोई व्यक्ति सोशल वर्क करता है तो उसके मन में सेवा, दया व प्रेम का भाव आता है। एक अच्छा नागरिक बनता है। हिंसा को छोड़ता है।
– उसे अस्पताल में काम करने से फर्स्ट एड की जानकारी होगी। स्वास्थ्य सेवाओं में एक वॉलेंटियर तैयार हो जाएगा। अगर कोई आपदा आती है तो वह मददगार साबित हो सकता है।
– जितेन्द्र गुर्जर जो काम अस्पताल में करता है उसकी हर दो महीने में रिपोर्ट सीएमएचए को कोर्ट में पेश करनी होगी। अगर वह किसी से अभद्र व्यवहार करता है तो उससे भी कोर्ट अवगत कराया जाए।
– दिसंबर 2019 में काम खत्म होने के बाद आरोपी अपनी रिपोर्ट पेश कर सकता है और सेवा करने को उसे कैसा अनुभव हुआ है।
loading...
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal