ग्वालियर।
चिकित्सा शिक्षा विभाग के एसीएस शिव शेखर शुक्ला ने बीते रोज वीडियो कांफ्रेंसिंग में जीआर मेडिकल कॉलेज के डीन की जमकर क्लास ली। आयुष्मान के मामले में ग्वालियर को सबसे फिसड्डी करार देते हुए कहा कि प्रदेश में सबसे नीचे पायदान पर हैं। डीन ने सफाई देने का प्रयास किया तो एसीएस बोले कि आप तर्क देने या बोलने की स्थिति में नहीं हैं, क्योंकि डाटा मेरे सामने रखा है। एसीएस की फटकार के बाद जीआर मेडिकल कॉलेज के डीन ने शनिवार को कॉलेज काउंसिल की बैठक बुलाई। जिसमें सभी को अल्टीमेटम दिया गया कि काम में सुधार करें, वर्ना भोपाल से एक्शन लिया जाएगा। जिम्मेदारों की वेतनवृद्धि या वेतन रोका जा सकता है।
जीआर मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. भरत जैन ने शनिवार को विशेष रूप से आयुष्मान के मामले को लेकर कॉलेज काउंसिल की बैठक बुलाई थी। जिसमें बताया कि एसीएस का कहना है कि आयुष्मान में कम केस होने पर एसीएस ने कड़ी नाराजगी जताई है। साथ ही इंदौर, सागर को भी ग्वालियर से बेहतर बताया है। साफ हिदायत दी गई है कि यदि काम में सुधार नहीं हुआ तो आप कार्रवाई करें, यदि आप नहीं करेंगे तो हम भोपाल स्तर से एक्शन लेंगे। जिसमें जिम्मेदारों की वेतनवृद्धि रोकी जा सकती है या वेतन रोका जा सकता है। डीन ने गायनिक विभाग की एचओडी से कहा कि आपके यहां इतने डिलेवरी केस होते हैं, लेकिन आयुष्मान में 10 प्रतिशत भी नहीं हुए हैं, यही स्थिति सर्जरी विभाग की भी है। इस पर विभागाध्यक्षों का कहना था कि आयुष्मान मित्र बुलाने पर आते नहीं है, मिलने जाओ तो मिलते नहीं है, कमियां तक नहीं बताते हैं। जबकि उनको एक-एक केस में कमी बताना चाहिए, जिससे हम उन्हें सुधार सकें। वह केवल कमियां बताकर केस को रिजेक्ट कर देते हैं।
सामान 4-4 दिन नहीं आताः डॉक्टरों ने बताया कि आयुष्मान में भर्ती मरीजों के सामान ही उपलब्ध नहीं हैं। लिखने के बाद भी 4-4 दिन तक सामान नहीं मिल पाता है। अधीक्षक डॉ. अशोक मिश्रा ने कहा कि इसकी स्वीकृति डीन को देने का अधिकार है। इस पर डॉक्टर्स ने कहा कि हमें सामान से मतलब है, फिर चाहें स्वीकृति डीन दे या अधीक्षक।
पेमेन्ट नहीं हुआ, इम्प्लांट नहीं मिलतेः आर्थोपैडिक विभाग के डॉक्टर्स ने बताया कि आयुष्मान में भर्ती मरीजों के इम्प्लांट नहीं आ रहे हैं। ठेकेदार का पेमेन्ट कॉलेज से नहीं हुआ इसलिए दिक्कत आ रही है। हालांकि बाद में पता किया तो बोले कि ठेकेदार सामान देने को तैयार हो गया है।
क्यों लगी फटकारः दरअसल जीआर मेडिकल कॉलेज में ऑपरेशन, डिलेवरी बहुत हो रही हैं, लेकिन केस फाइनल स्टेज पर नहीं पहुंच रहे हैं। जबकि एसीएस केवल जिनमें भुगतान हो चुका है, उनको ही फाइनल मान रहे हैं। एसीएस ने बीते रोज वीसी में कहा भी कि आपके जितने केस में भुगतान हुआ है, उनको ही फाइनल माना जाएगा। भले ही आपने सर्जरी कितनी भी की हो। आयुष्मान मित्र के मामले में एसीएस ने कहा कि यह बहाना नहीं चलेगा, यदि आयुष्मान मित्र कम है तो आप संख्या बढ़ा सकते हो।
स्टाफ नहीं, कैथ लैब कैसे चालू करेंगेः मीटिंग में कार्डियोलॉजी विभाग के एचओडी ने कहा कि कैथ लैब 15 दिन में तैयार हो जाएगी, लेकिन अब तक स्टाफ ही स्वीकृत नहीं हुआ है। ऐसे में हम कैथ लैब कैसे चलाएंगे। हालांकि डीन ने इस मामले में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया।
बजट नहीं, कुछ नहीं कर सकतेः डॉक्टरों ने कहा कि मशीनों की एएमसी,सीएमसी नहीं हो रही है। अधीक्षक ने कहा कि हमारे पास बजट नहीं है, इसलिए कुछ नहीं कर सकते। वहीं डीन ने कहा कि आप डेढ़ सौ से 250 सीट के लिए अपने विभागों से डिमांड भेजें।
जुलाई में हैंडओवर होगा सुपर स्पेशिलिटीः वीडियो कांफ्रेसिंग के दौरान जब एसीएस ने सुपर स्पेशिलिटी ब्लॉक के बारे में कहा तो डीन ने कहा कि जुलाई माह में ठेकेदार हमें हैंडओवर कर देगा। जबकि लायब्रेरी के प्रोजेक्ट को रिजेक्ट कर दिया गया है। एसीएस का स्पष्ट कहना है कि जेएएच की खाली होने वाली बिल्िडग में लायब्रेरी बनाई जाए।
मीटिंग के कुछ खास मुद्देः
-रेडियोलॉजी विभाग ने डिजीटल एक्सरे मशीन की मांग की है। क्योंकि वर्तमान मशीन बार-बार खराब हो रही है।
-डेन्टल विभाग ने भी दो एक्सरे मशीन की मांग की है।
-ट्रामा सेंटर के नोडल ऑफिसर ने कहा कि हमारे यहां नर्सिंग स्टाफ ही नहीं है तो कैसे चलाएं ट्रामा सेंटर।
-न्यूरोलॉजी विभाग ने जेआर की डिमांड की, इस पर मेडिसिन विभाग के एचओडी ने कहा कि हमारे जेआर पहले से दूसरी जगह काम कर रहे हैं। हम कहां से उपलब्ध कराएं।
loading...
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal