ग्वालियर।
बीते कुछ महीने में शहर के कई लोगों को इस तरह के कॉल-मैसेज आए हैं और दो लोग ठगे भी जा चुके हैं।
यदि आपके पास कोई कॉल आता है और बताया जाता है कि आपके नाम लॉटरी निकली है। लॉटरी में आपको दिल्ली हाईट्स कंपनी दिल्ली में फ्लैट मुहैया करा रही है। साथ ही सिक्युरिटी व अन्य टैक्स के नाम पर कैश जमा करने के लिए कहें तो सावधान रहें।। कॉल कर कभी एटीएम ब्लॉक तो कभी लॉटरी में सफारी कार के नाम पर ठगी करने वालों ने अब मकान के नाम पर ठगी करना शुरू कर दिया है। ठगी करने वाले शातिर दिमाग समय के साथ-साथ अपना तरीका बदल रहे हैं।
शहर के दो लोगों के साथ हुई ठगी
– ठगी करने वाले बार-बार बदल रहे तरीका

– कम्पू में हुआ ठगी का मामला दर्ज
यह आए मामले
केस-1
शहर के कम्पू थाने में 26 अप्रैल को रवि नगर निवासी नीलम सिंह पत्नी के गौड़ की शिकायत पर ठगी का मामला दर्ज किया गया है। फरवरी 2019 के पहले सप्ताह में उनके मोबाइल पर एक अन्य मोबाइल नंबर 9354032798 से कॉल आया। कॉल करने वाली ने अपना नाम प्रीति राजपूत बताया। उनके साथ एक युवक भी बात कर रहा था उसका नाम भगवान सिंह बताया। दोनों ने खुद को दिल्ली ग्रुप हाउसिंग सोसाइटी का कर्मचारी बताते हुए जानकारी दी कि दिल्ली में दिल्ली हाईट्स कंपनी ने फ्लैट बनाए हैं। जिनकी संख्या कम है और खरीदार बहुत हैं। जिस कारण कंपनी ने मोबाइल नंबर व नाम रजिस्टर्ड किया है। इसकी विधिवत सूचन कंपनी की वेबसाइट दिल्ली हाईट्स डॉट कॉम पर 28 फरवरी को मिल जाएगी। महिला ने जब 28 फरवरी को वेबसाइट पर सर्च किया तो उनके नाम लॉटरी में फ्लैट निकला था। इसके बाद फिर प्रीति ने कॉल किया। इस बार उन्होंने अकाउंट नंबर दिया और 7.48 लाख रुपए जमा करने के लिए कहा। 5 अप्रैल को महिला ने जेएएच की एसबीआई ब्रांच से रुपए जमा करा दिए। लेकिन इसके बाद न तो उनका कॉल उठ रहा है और न ही कोई बात हुई। जिस पर पीड़िता ने शिकायत की। जांच के बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया।
केस-2
– इसी तरह का एक मामला झांसी रोड थाना पुलिस ने बीते महीने में दर्ज किया है। एक निजी स्कूल के शिक्षक ने ऑनलाइन डुप्लेक्स सर्च किया था। जिस पर उनको अगले दिन इसी तरह कॉल आया। कॉल करने वाले ने लॉटरी में फ्लैट निकलने की सूचना दी। नोएडा में फ्लैट मिलना था। इस पर उन्होंने ऑनलाइन कॉल करने वाले के साथ में एडवांस के रूप में 5 लाख रुपए जमा करा दिए। पर इसके बाद न तो उनका कॉल रिसीव हुआ न ही मैसेज का जवाब आया। साथ ही जो वेबसाइट पर उनका नाम दिखाया गया था वह उसके बाद अपडेट ही नहीं हुई। मामले की शिकायत झांसी रोड में की।
ठगों ने बदला पैंतरा
ठग गिरोह हर दिन के साथ ठगी का पैंतरा बदलते जा रहे हैं। पहले मोबाइल टॉवर के नाम पर ठगी करते थे फिर एटीएम ब्लॉक के नाम पर करने लगे। इसके बाद सफारी कार व अन्य तरीकों से ठगी शुरू की। अब ठगों ने ऑनलाइन मकान व फ्लैट्स बनाने वाली कंपनी की वेबसाइट्स पर सर्च करने वालों को फंसाना शुरू कर दिया है।
loading...
बढ़ता कारवाँ | समाजवाद की ओर बढ़ते कदम… India's #1 Leading News Portal